Gorakhpur Panchayat Election: गोरखपुर में मतगणना ड्यूटी से मुक्त हैं महिलाएं व दिव्यांग कर्मचारी
यदि किसी महिला या दिव्यांग की ड्यूटी गलती से लग गई होगी तो उन्हें ड्यूटी करने आने की जरूरत नहीं है। जिले के दूर स्थित ब्लाकों में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है उनके लिए जिला प्रशासन की ओर से बसों की व्यवस्था की गई है।
गोरखपुर, जेएनएन। दो मई को होने वाली त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना की ड्यूटी से महिला एवं दिव्यांग कर्मचारियों को मुक्त रखा गया है। इसके बावजूद यदि किसी महिला या दिव्यांग की ड्यूटी गलती से लग गई होगी, तो उन्हें ड्यूटी करने आने की जरूरत नहीं है। जिले के दूर स्थित ब्लाकों में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनके लिए जिला प्रशासन की ओर से बसों की व्यवस्था की गई है। मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी, कर्मचारियों को इससे दो घंटा पहले यानी सुबह छह बजे तक पहुंचना होगा।
यहां के लोगों को मंडलायुक्त कार्यालय से मिलेंगी बसें
खजनी, उरुवा, बेलघाट, कौड़ीराम, बांसगांव, गगहा, गोला व बड़हलगंज में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनके लिए मंडलायुक्त कार्यालय के सामने कचहरी बस स्टेशन से सुबह पांच बजे बस उपलब्ध कराई जाएगी। दूसरे शिफ्ट के लिए शाम चार बजे बसें रवाना की जाएंगी। बस स्टेशन तक आने वाले कर्मचारियों के वाहन विकास भवन परिसर में खड़े कराए जाएंगे।
कोरोना संक्रमित कर्मियों को ड्यूटी से किया गया मुक्त
मतगणना की ड्यूटी में लगे कर्मचारियों में से करीब 100 लोगों को ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया है। ये सभी कोरोना पाजिटिव हैं। पर, जिनके परिवार में कोई सदस्य पाजिटिव है, उसे ड्यूटी से मुक्त नहीं किया गया है। जिनकी ड्यूटी नहीं कटी है और उन्हें कोरोना से जुड़े लक्षण हैं, उन्होंने भी ड्यूटी न जाने का फैसला किया है।
न पहुंचने वालों पर होगी कार्रवाई
मतदान से एक दिन पहले बड़ी संख्या में कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। इसे देखते हुए प्रशासन इस बार सख्त है। जरूरत के सापेक्ष करीब 150 फीसद कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिससे लोगों के अनुपस्थित होने पर भी मतगणना पर प्रभाव न पड़े। कुछ ऐसे भी कर्मचारी है जिनकी एआरओ के साथ मतगणना कर्मचारी के रूप में भी ड्यूटी लगा दी गई थी। ऐसे करीब 150 लोगों की एक ड्यूटी काटी गई है।
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। पंचायती राज विभाग की ओर से सभी मतगणना स्थलों को सैनिटाइज कराया गया है। कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी शुक्रवार को पूरा हो गया। एजेंट को पास भी जारी कर दिए गए हैं। मतगणना स्थल पर थर्मल स्कैङ्क्षनग के बाद ही प्रत्याशी व एजेंटों को प्रवेश दिया जाएगा। कोविड 19 के प्रोटोकाल का ध्यान रखना होगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व
राजेश सिंह का कहना है कि मतगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी संपन्न हो गया। इस बार महिलाओं एवं दिव्यांग कर्मियों की ड्यूटी नहीं लगाई गई है। दूर के ब्लाकों में आने-जाने के लिए बस की व्यवस्था भी की गई है। कोविड 19 के प्रोटोकाल का पालन करते हुए मतगणना संपन्न कराई जाएगी।