गोरखपुर में तीन बेटियों के साथ महिला ने ट्रेन से कटकर जान दी Gorakhpur News
गोरखपुर महिला व उसकी तीन बेटियों का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के ग्राम उनौला अव्वौल निवासी महिला व उसकी तीन बेटियों का क्षत-विक्षत शव सोमवार की रात घर के समीप उनौला रेलवे स्टेशन आउटर सिग्नल स्थित ट्रैक से पुलिस ने बरामद है।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला
पुलिस इस मामले को आत्महत्या के रुप में देख रही है। वहीं मायका पक्ष के लोग घटना संदिग्ध बता रहे हैं। मृत महिला की मां गुड्डी देवी ने बताया कि मरने वालों में सिर्फ सिमरन का सिर मिला। शेष का सिर गायब है।
दस साल पहले हुआ था विवाह
जानकारी के अनुसार करीब दस साल पहले उनौला अव्वौल निवासी अजय निषाद ने गांव की लड़की पूजा से प्रेम विवाह किया था। शुरू में संबंध ठीक रहा और तीन बेटियां पैदा हुईं। पति शराब भी पीता था। दोनों में संबंध धीरे-धीरे बिगड़ गए। पति व मायके के लोगों को घटना की जानकारी आज सुबह हुई। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि रात में डाग स्क्वायड बुलाया गया था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। बेटियों के नाम हैं सारिका, सिमरन व सौम्या।
पति हिरासत में
महिला के पति अजय निषाद ने बताया कि महिला रात आठ बजे घर से नाराज होकर निकली थी। पुलिस ने महिला उत्पड़ीन के मामले मे पति को हिरासत में ले लिया है।