पति ही निकला कातिल, हत्या के बाद पत्नी का शव बक्से में रखा और फेंककर हो गया था फरार Gorakhpur News
एक अक्टूबर की भोर में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जिसके बाद उसने गला दबाकर रागिनी की हत्या कर दी। उसके बाद शव के साथ ही रागिनी के गहने और कपड़े को बक्सा में रखकर दोस्त की मदद से फेंक दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। विवाद होने पर दुकानदार ने गला दबाकर पत्नी की हत्या करने के बाद बाक्स में शव रखकर दोस्त की मदद से पीपीगंज क्षेत्र में बांध किनारे ले जाकर फेंका था। किसी को उसके ऊपर संदेह न हो इसलिए शु्क्रवार की शाम पत्नी की फोटो लेकर शाहपुर थाने में पत्नी की गुमशदुगी दर्ज कराने पहुंच गया। संदेह होने पर थानेदार ने पकड़ लिया। जानकारी होने पर पहुंचे पीपीगंज थानेदार ने दुकानदार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
महराजगंज का निवासी है आरोपित पति
पत्नी की हत्या करने वाला विनय वर्मा मूल रूप से महराजगंज जिले के नौतनवा का रहने वाला है। पिछले 10 साल से गोरखपुर शहर में शाहपुर के गंगानगर में किराए पर कमरा लेकर रहता है। थाने के पास मोड़ पर उसकी मोबाइल की दुकान है। देवरिया, बनकटा के पकड़ी नरही की रहने वाली युवती रागिनी श्रीवास्तव से एक साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था।
विनय ने पूछताछ में बताया कि शादी के छह माह बाद से ही रागिनी से उसका झगड़ा होने लगा था। एक अक्टूबर की भोर में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। जिसके बाद उसने गला दबाकर रागिनी की हत्या कर दी। उसके बाद शव के साथ ही रागिनी के गहने और कपड़े को बक्सा में रख दिया। घटना की जानकारी चिलुआताल के रामजानकी नगर में रहने वाले अपने दोस्त साहिल पाल को फोन से देने के साथ ही घर बुला लिया। फिर उसके बाद बाइक पर बक्सा लेकर मानीराम -कुदरहिया बंधे पर पहुंचा, जहां गायघाट गांव के पास शव को झाड़ी में फेंककर फरार हो गया। वारदात में शामिल साहिल की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
दुकान पर आते-जाते हुई जान-पहचान
रागिनी की बड़ी बहन की शादी शाहपुर क्षेत्र के शक्तिनगर कॉलोनी में हुई है। बहन के घर आने पर रागिनी मोबाइल रिचार्ज कराने विनय की दुकान पर जाती थी। जान-पहचान बढ़ने पर दोनों के बीच मोबाइल पर बात होने लगी। घरवालों की इच्छा के खिलाफ 2019 में रागिनी ने विनय से शादी कर ली।