Flood in Gorakhpur: कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बाइपास पर चढ़ा पानी, आवागमन प्रभावित
Flood in Gorakhpur कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बाइपास पर जगतबेला एवं जंगल कौड़िया के बीच प्रेमपुर के पास दोनों लेन पर करीब एक फीट पानी लगा है। एक लेन पर जलकुंभी होने के कारण आवागमन बंद है। दूसरी ओर से लोग आ-जा रहे हैं।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। Flood in Gorakhpur: गोरखपुर के कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बाइपास पर पानी चढ़ गया है। इससे एक लेन पर आवागमन प्रभावित है। माना जा रहा है कि सड़क पर आसपास के ताल का पानी चढ़ा है। इधर, नदियों के जलस्तर में कमी जारी है। रोहिन नदी गुरुवार को चेतावनी बिन्दु के नीचे आ चुकी है। राप्ती नदी के जलस्तर में भी धीमी गति से ही सही लगातार कमी हो रही है। नदी अब खतरे के निशान से 1.55 मीटर ऊपर रह गई है। गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कौड़ीराम के पास चढ़ा बाढ़ का पानी उतर गया है। गुरुवार को इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन भी शुरू कर दिया गया।
राहिन नदी का जलस्तर चेतावनी बिन्दु के नीचे आया
कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बाइपास पर जगतबेला एवं जंगल कौड़िया के बीच प्रेमपुर के पास दोनों लेन पर करीब एक फीट पानी लगा है। एक लेन पर जलकुंभी होने के कारण आवागमन बंद है। दूसरी ओर से लोग आ-जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से इसपर नजर रखी जा रही है। राप्ती नदी का जलस्तर गुरुवार की रात नौ बजे 76.53 मीटर दर्ज किया गया। रोहिन नदी का जलस्तर 81.11 मीटर रिकार्ड किया गया। इस नदी का चेतावनी बिन्दु 81.44 मीटर है। नदी खतरे के निशान से 1.33 मीटर नीचे बह रही है।
सरयू नदी का जलस्तर अयोध्या पुल पर 92.36 मीटर रिकार्ड किया गया। नदी यहां खतरे के निशान से नीचे आ चुकी है। तुर्तीपार में नदी का जलस्तर 64.25 मीटर दर्ज किया गया। नदी खतरे के बिन्दु से 24 सेंटीमीटर ऊपर है लेकिन उतार जारी है। राप्ती नदी के जलस्तर में पिछले 24 घंटे में करीब 13 सेंटीमीटर की कमी आयी है। माना जा रहा है कि करीब दो से तीन दिन बाद नदी के जलस्तर में तेजी से कमी होगी। गोर्रा नदी के जलस्तर में भी कमी जारी है।
राप्ती नदी में विलीन जगदीशपुर गांव के पीड़ितों को जल्द मिलेगा मुआवजा
उधर, गोला तहसील क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के सभी आवास नदी में विलीन हो चुके हैं। तत्परता दिखाते हुए जिला प्रशासन ने यहां के 10 पीड़ित परिवारों को आवास के लिए मुआवजा प्रदान करने की स्वीकृति दे दी है। जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि 10 लोगों को नौ लाख 51 हजार रुपये का मुआवजा प्रदान किया गया है। प्रत्येक व्यक्ति को 95 हजार 100 रुपये दिए जाएंगे। उनके खाते में यह रकम भेज दी जाएगी। बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए विभिन्न मदों से 11 करोड़ 20 लाख रुपये मिले हैं। गोला तहसील की ओर से जगदीशपुर गांव के लोगों की सहायता के लिए धनराशि मांगी गई थी। चौरी चौरा तहसील क्षेत्र में एक व्यक्ति की जमीन गोर्रा नदी में विलीन हो जाने के कारण उन्हें 35 हजार 325 रुपये मुआवजा दिया जाएगा।