निजीकरण के विरोध में बड़े आंदोलन की चेतावनी Gorakhpur News
प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर सभी कर्मचारी एकजुटता का संदेश दे रहे हैं। हमारी यही ताकत है। इसी ताकत के बल पर बिजली निगम का निजीकरण रोकेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। बिजली निगम के निजीकरण के खिलाफ अब बिजली कर्मचारी बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि किसी भी सूरत में निजीकरण नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के सभी कर्मचारी और अधिकारी साथ में है और सभी आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हो गए हैं। आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर सभी कर्मचारी एकजुटता का संदेश दे रहे हैं। हमारी यही ताकत है। इसी ताकत के बल पर हम बिजली निगम का निजीकरण रोकेंगे।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रस्तावित निजीकरण का विरोध शनिवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों ने मुख्य अभियंता कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए कहा कि यदि फैसला वापस नहीं होता है तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
गुलाम बनाना चाहती है सरकार
प्रदर्शन स्थल पर आयोजित सभा में इं. दीपक गुप्ता ने कहा कि सरकार निजीकरण के नाम पर ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह एक बार पुन: रियासतीकरण कर हमें गुलाम बनाना चाहती है। उन्होंने अध्ययनरत समस्त छात्रों एवं युवाओं को सरकार की निजीकरण की नीति का विरोध करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
सरकार की कथनी और करनी में अंतर
बृजेश त्रिपाठी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग हर साल दो करोड़ रोजगार देने की बात करते थे, वह सभी सार्वजनिक संस्थाओं को बेचकर किस तरह का रोजगार पैदा कर रहे हैं। इनकी करनी और कथनी में अंतर को आम जनता समझ नहीं पाई और झांसे में आ गई। उन्होंने कहा कि अब तो आम जनता को यह बताने की जरूरत है कि सरकार ने सभी के साथ धोखा किया है। इस धोखे से सभी को सचेत किया जाएगा। बिजली निगम जैसी सरकारी संथा का निजीकरण कर सरकार उपभोक्ताओं को परेशान करने की सोच रही है। अब उपभोक्ता भी सरकार को मुहतोड़ जवाब देंगे।
दंडात्मक कार्रवाई का देंगे जवाब
पदाधिकारियों ने चेताया कि विरोध प्रदर्शन के कारण प्रदेश में कहीं भी किसी भी कर्मचारी पर कोई दंडात्मक कार्रवाई की गई तो इसकी तीखी प्रतिक्रिया होगी। इस मौके पर सभा को कैलाश प्रसाद, शशि कपूर, ऐश्वर्य सिंह, पुनीत निगम, अजय कुमार, उपेंद्र पाल, पंकज गुप्ता, प्रभुनाथ प्रसाद,अखिलेश गुप्ता, राम अवतार यादव, अरुण गुप्ता, नरसिंह मौर्या आदि उपस्थित रहे।