वर्ल्ड विश्वविद्यालय गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे गोरखपुर के विपिन और नीरज Gorakhpur News
गोरखपुर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स टीम के दो खिलाडिय़ों का चयन वर्ल्ड विश्वविद्यालय गेम्स- 2019 के लिए हुआ है। विपिन पटेल और नीरज भारतीय विश्वविद्यालय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स टीम के दो खिलाडिय़ों का चयन वर्ल्ड विश्वविद्यालय गेम्स- 2019 के लिए हुआ है। विपिन कुमार पटेल और नीरज चौरसिया भारतीय विश्वविद्यालय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
वर्ल्ड विश्वविद्यालय गेम्स 3 से 14 जुलाई तक इटली के नपोली शहर में होगा। गेम्स में भाग लेने के लिए भारतीय दल नपोली शहर पहुंच गया है। भारतीय दल में शामिल विपिन पटेल 10000 मीटर दौड़ और नीरज चौरसिया 20 किमी पैदल चाल में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विपिन विश्वविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष एवं नीरज गुरुकुल पीजी कॉलेज दादरी बड़हलगंज में बीए तृतीय वर्ष के छात्र हैं।
दोनों खिलाड़ी अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2018-2019 में क्रमश: स्वर्ण एवं रजत पदक हासिल कर चुके हैं। अखिल भारतीय अंडर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर दोनों खिलाडिय़ों का चयन वर्ल्ड विश्वविद्यालय गेम्स के लिए हुआ है। इनके पहले दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से ताइक्वांडो खिलाड़ी सीमा कन्नौजिया ने वल्र्ड विश्वविद्यालय गेम्स में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था।
खिलाडिय़ों की इस उपलब्ध पर कुलपति प्रो. विजय कृष्ण सिंह, क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. हिमांशु चतुर्वेदी, प्रो. विनोद कुमार सिंह, प्रो. सुधीर कुमार श्रीवास्तव, प्रो. उमा श्रीवास्तव, प्रो विजय चहल और डा. राजवीर सिंह आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी है।