गोरखपुर में वोट मांगने को लेकर प्रधान पद प्रत्याशी को मारी गोली, स्थिति गंभीर
गोरखपुर में पंचायत चुनाव के ठीक एक दिन पहले हिंसा हो गई। खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर चौकी अंतर्गत ग्रामसभा मिश्रौलिया में वोट मांगने को लेकर प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच जमकर मारपीट हुई है। इसमें प्रधान पद का एक प्रत्याशी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर चौकी अंतर्गत ग्रामसभा मिश्रौलिया बुधवार रात करीब दस बजे वोट मांगने को लेकर प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच जमकर मारपीट हुई है। इस दौरान मौके पर किसी ने तीन राउंड फायरिंग की है। इसमें एक गोली प्रधान पद प्रत्याशी पूर्व प्रधान 50 वर्षीय राघवेंद्र दुबे उर्फ गिलगिल को लगी है। इससे उनकी स्थिति गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देख उन्हें जिला चिकित्सालय भेजा। जिला चिकित्सालय में उनकी गंभीर स्थिति देख पुलिस मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। वहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रधान पद के दूसरे प्रत्याशी निवर्तमान ग्राम प्रधान शंभू यादव को हिरासत में ले लिया है। वह उनसे पूछताछ में जुटी है।
वोट मांगनेे पर हुआ बवाल
शंभू यादव के समर्थक गांव में एक व्यक्ति के यहां वोट मांगने गए हुए थे। जिसके घर वोट मांगने गए थे, वह गिलगिल दूबे का समर्थक था। उसने विरोध जताया तो शंभू के समर्थक वहां अपनी बाइक छोड़कर निकल गए। पुलिस के मुताबिक इस दौरान किसी ने उनकी बाइक में तोड़फोड़ की। इसकी जानकारी हुई तो मौके पर शंभू यादव व उनके समर्थक पहुंच गए। उनकी गिलगिल दूबे के समर्थक से नोकझोंक हुई। थोड़ी देर में मौके पर गिलगिल दूबे भी अपने अन्य समर्थकों के साथ पहुंच गए तो दोनों पक्षों में जमकर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान किसी ने पिस्टल से तीन राउंड फायर कर दिया। इसमें एक गोली गिलगिल को लग गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थिति गंभीर मेडिकल कालेज रेफर
उन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां उनकी स्थिति गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल से भी उन्हें मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। बाद में घटना की जानकारी पाकर महुआडाबर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शंभू यादव को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को मौके से एक खाली कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार गोली गिलगिल दूबे के पेट में लगी है। प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय राय का कहना है कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर गोली चलाने व विवाद करने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इसमें मुकदमा दर्ज कर वास्तविक आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।
मिश्रौलिया ग्रामसभा में प्रधान पद प्रत्याशी राघवेंद्र उर्फ गिलगिल दूबे को गोली लगने की सूचना है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शंभू यादव समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि गोली चलाई किसने। घायल को मेडिकल कालेज में इलाज के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही वास्तविक आरोपित गिरफ्तार होगा। - एके सिंह, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी।