ग्रामीणों ने दो शोहदों को पकड़ा, बुरी तरह से पीटा Gorakhpur News
क्षेत्र के एक गांव की युवती प्राइवेट फर्म में काम करती है। सुबह पिता के साथ वह बाइक से कार्यालय जा रही थी। रास्ते में विद्यालय के पास पुलिया पर बैठे आधा दर्जन शोहदे अश्लील इशारे करने लगे।
गोरखपुर, जेएनएन। हरपुर बुदहट क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करने पर आधा दर्जन शोहदों ने बाइक से जा रहे पिता-पुत्री की पिटाई कर दी। पीडि़ता की गुहार सुन पहुंचे ग्रामीणों ने दो शोहदों को पकड़ लिया। उनकी जमकर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। उधर पीडि़त पुत्री के साथ थाने पहुंचे पिता ने तहरीर दी। पुलिस फरार शोहदों की तलाश कर रही है।
खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
क्षेत्र के एक गांव की युवती प्राइवेट फर्म में काम करती है। सुबह पिता के साथ वह बाइक से कार्यालय जा रही थी। रास्ते में विद्यालय के पास पुलिया पर बैठे आधा दर्जन शोहदे अश्लील इशारे करने लगे। पिता ने विरोध किया तो शोहदों ने पिता-पुत्री पर हमला कर दिया। युवती ने खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों से मदद की गुहार लगाई। ग्रामीणों को आते देख शोहदे भागने लगे। ग्रामीणों ने आधा किलोमीटर पीछा कर दो शोहदों को पकड़ लिया।
एक सप्ताह से छेड़खानी कर रहे थे शोहदे
पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि शोहदे एक सप्ताह से छेड़खानी कर रहे थे। इसकी जानकारी बुधवार को पिता को दी तो उन्होंने सुरक्षा का भरोसा दिलाया। सुबह पिताजी के साथ बाइक से कार्यालय के लिए निकली थी, उसी दौरान घटना हुई। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र राव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पकड़े गए शोहदों ने फरार साथियों के नाम व पते बताए हैं, जिसके आधार पर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम भेजी गई है।
तमंचे के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार
गगहा पुलिस शुक्रवार की सुबह अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में मौजूद थे। तभी सूचना मिली कि दो युवक अवैध असलहे के साथ सिंहोडवा मोड़ पर खड़े है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने दोनों को दौड़ा कर पकड़ लिया। जामा तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से 315 बोर के तमंचे व एक एक कारतूस मिले। पूछताछ मे दोनों ने अपना नाम विपिन तिवारी पुत्र ओमप्रकाश तिवारी व सत्यवान तिवारी पुत्र ओमप्रकाश तिवारी निवासी तेवना गगहा बताया। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।