कोहरे में थमी ट्रेनों की रफ्तार, चार घंटे विलंब से चल रही वैशाली और गोरखधाम Gorakhpur News
दिल्ली से आने वाली गोरखधाम वैशाली और हमसफर एक्सप्रेस चार घंटे से ज्यादा की देरी से चल रहीं थीं। यह सभी ट्रेनें इधर सुबह की बजाए शाम को गोरखपुर पहुंच रही हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। कोहरे में ट्रेनों की रफ्तार थमने लगी है। लंबी दूरी की गाडिय़ां दो से दस घंटे की देरी से चल रही हैं। विशेषकर दिल्ली रूट पर ट्रेनों का संचलन कुछ ज्यादा ही प्रभावित हुआ है। इंतजार में यात्री ठिठुरने को मजबूर हैं।
सुबह की बजाय शाम को पहुंच रही ट्रेनें
शनिवार को भी महत्वपूर्ण ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। दिल्ली से आने वाली गोरखधाम, वैशाली और हमसफर एक्सप्रेस चार घंटे से ज्यादा की देरी से चल रहीं थीं। यह सभी ट्रेनें इधर सुबह की बजाए शाम को गोरखपुर पहुंच रही हैं। यात्री ट्रेन में भूखे-प्यासे ठंड में ठिठुर रहे थे, उनके परिजन घर पर उनके आने का इंतजार कर रहे थे। अब तो सर्द हवाओं के बीच प्लेटफार्मों पर ट्रेनों का इंतजार भारी पडऩे लगा है। दरअसल, गोरखपुर जंक्शन पर निर्माण कार्य चल रहा है।
यात्रियों को बैठने के लिए परेशानी
वेटिंग हॉल के नव निर्माण के चलते जनरल यात्रियों को बैठने के लिए ठौर नहीं मिल पा रहा। यात्री स्टेशन परिसर में भटकने को मजबूर हैं। परिसर में अलाव नहीं जलने से परेशानी और बढ़ती जा रही है। बच्चे, महिला, बुजुर्ग और मरीज यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वैसे भी रेलवे प्रशासन ने निर्बाध ट्रेन संचलन को लेकर कुछ ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। कुछ गाडिय़ां आंशिक रूप से निरस्त की गई हैं। संरक्षा और सुरक्षा को देखते हुए ट्रेनों को नियंत्रित कर चलाया जा रहा है।
विलंब से चलने वाली कुछ ट्रेनें
12554 वैशाली एक्सप्रेस 4.00 घंटे। 12556 गोरखधाम एक्स 4.00 घंटे। 12596 हमसफर एक्स 4.00 घंटे। 12558 सप्तक्रांति एक्स 2.30 घंटे। 15708 आम्रपाली एक्स 5.00 घंटे। 11015 अवध एक्सप्रेस 8.15 घंटे। 11124 ग्वालियरबरौनी 1.30 घंटे लेट से चल रही हैं।