गोरखपुर में 15 से अधिक बूथों पर शुरू हुआ टीकाकरण, उत्साह का माहौल Gorakhpur News
वैक्सीन की कमी का संकट गहरा गया है। हर शुक्रवार को सौ से अधिक बूथों पर आयोजित होने वाला कोविड टीकाकरण इस बार 15 से अधिक बूथों पर ही आयोजित हो पाया है। पिछले एक सप्ताह से स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन की कमी से जूझ रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन : वैक्सीन की कमी का संकट गहरा गया है। हर शुक्रवार को सौ से अधिक बूथों पर आयोजित होने वाला कोविड टीकाकरण इस बार 15 से अधिक बूथों पर ही आयोजित हो पाया है। पिछले एक सप्ताह से स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन की कमी से जूझ रहा है। मांग के बावजूद वैक्सीन मिल नहीं पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के बूथों पर बची वैक्सीन मंगाकर शहर में टीकाकरण किया जा रहा है। शाम तक 1500 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। सुबह 10 बजे टीकाकरण शुरू हो गया।
हर बूथ पर उत्सव का माहौल
हर बूथ पर बड़ी संख्या में लोग स्वेच्छा से पहुंचे। लाइन में खड़े होकर अपनी बारी आने पर टीका लगवा रहे हैं। उत्साह का माहौल है। किसी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं है। टीकाकरण के बाद उन्हें 30 मिनट आब्जर्वेशन कक्ष में डाक्टरों की निगरानी में बैठाया जा रहा है। वहां भी खुशनुमा माहौल है। अभी तक किसी की तबीयत खराब नहीं हुई है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जिला अस्पताल के बूथ पर सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय व जिला महिला अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. माला कुमारी सिन्हा ने निरीक्षण किया। वैक्सीनेटर को निर्देश दिया कि मानक के अनुसार ही टीकाकरण किया जाए। 45 वर्ष से नीचे के किसी व्यक्ति को टीका न लगाया जाए। जिनका पंजीकरण नहीं है, उनका मौके पर पंजीकरण कर टीका लगा दिया जाए। 45 वर्ष से ऊपर के जो भी लोग आएं, उनका टीकाकरण जरूर किया जाए।
हर बूथ पर उत्सव व उल्लास का माहौल
सीएमओ डा. सुधाकर पांडेय ने कहा कि 15 से अधिक बूथों पर टीकाकरण आयोजित किया गया है। हर बूथ पर उत्सव व उल्लास का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंचे हैं। लंबी लाइन में खड़े होकर लोग टीका लगवा रहे हैं। अब टीका के प्रति लोगों में जागरूकता आई है। इससे कोरोना की रोकथाम में मदद मिलेगी।