नहीं लगाने पड़ेंगे अधिकारियों के चक्कर, एप पर ही मिल जाएगी छुट्टी
अवकाश के लिए पुलिस वालों को अब अधिकारियों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। विभाग ने इसके लिए खास तौर से स्मार्ट ई पुलिस एप तैयार किया है। पुलिस वालों को अब इसी एप से अवकाश मिलेगा।
गोरखपुर, जेएनएन। अवकाश के लिए पुलिस वालों को अब अधिकारियों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। प्रदेश पुलिस के तकनीकि विभाग ने इसके लिए खास तौर से स्मार्ट ई पुलिस एप तैयार किया है। पुलिस वालों को अब इसी एप से अवकाश मिलेगा। इस एप के शुरू होने के बाद कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज अशोक दूबे और रुस्तमपुर चौकी इंचार्ज दीपक सिंह ने इससे अवकाश के लिए आवेदन किया।
सीओ कैंट प्रभात राय ने एप से ही दोनों चौकी इंचार्जों की छुट्टी स्वीकृत भी कर दी। इससे पहले अवकाश स्वीकृत कराने के लिए पुलिस कर्मियों को कई-कई दिन उच्चाधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता था। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने पुलिस तकनीकी विभाग को एप तैयार करने का निर्देश दिया था। गुरुवार को इस एप ने आधिकारिक रूप से काम करना शुरू कर दिया।
पुलिसकर्मी, प्ले स्टोर से मोबाइल फोन पर इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद इसमें अपना मोबाइल फोन नंबर डालकर लॉगिंग करना होगा। इसके बाद एप के जरिए अवकाश के लिए आवेदन किया जा सकता है। सीओ, एएसपी और एसएसपी छुट्टी मंजूर करेंगे। कुछ पुलिस वालों को एप चलाने में दिक्कत आ रही है। विभागीय स्तर पर उनको इसे चलाने का प्रशिक्षण देने की तैयारी की जा रही है। एसएसपी डा. सुनील गुप्त ने कहा कि पुलिस वालों पर काम काफी दबाव रहता है। इससे उनकी व्यस्तता भी बहुत अधिक रहती है। ऐसे में एप के जरिए अवकाश मिलने से उन्हें काफी आसानी होगी।