यूपी चुनाव 2022 : उत्साह के साथ युवा करेंगे मतदान, लिया संकल्प
अनामिका त्रिपाठी ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व पर पहली बार मतदान करने का अधिकार मिला है। जाति-धर्म से परे होकर बिना किसी प्रलोभन के वोट करूंगी। ताकि देश के विकास में खुद भी योगदान दे सकूं। साथ ही दूसरे लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करूंगी।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। लोकतंत्र के महापर्व तीन मार्च को होने वाले मतदान को लेकर देवरिया के युवा मतदाता काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। उन्होंने खुद के साथ ही दूसरे को भी मतदान के लिए जागरूक करने का संकल्प लिया है। लार इलाके में युवा अपने साथियों के साथ ही गांव के लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक कर रहे हैं।
क्या बोले युवा मतदाता
विशाल मोदनरवाल ने कहा कि विधानसभा में पहली बार मतदान करने का अधिकार मिला है। साफ सुथरी छवि वाले ही प्रत्याशी को मत देंगे। गांव के अन्य लोगों को भी मतदान करने के लिए जागरूक करेंगे। मतदान से लोकतंत्र मजबूत होता है।
जाति धर्म से ऊपर उठ कर करेंगे मतदान
अनामिका त्रिपाठी ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व पर पहली बार मतदान करने का अधिकार मिला है। जाति-धर्म से परे होकर बिना किसी प्रलोभन के वोट करूंगी। ताकि देश के विकास में खुद भी योगदान दे सकूं। साथ ही दूसरे लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करूंगी। पहली बार सरकार चुनने का मौका मिला है।
शिक्षा व स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए करूंगी मतदान
सिद्धि तिवारी ने कहा कि पहली बार मतदान करने का अवसर पाकर मैं काफी खुश हूं। जो प्रत्याशी शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी दूर करने को तरजीह देगा उसी को वोट करूंगी। साथ ही अन्य को भी मतदान के लिए प्रेरित करूंगी। लोकतंत्र में सभी को अपने मनपसंद जनप्रतिनिधि व सरकार चुनने का अधिकार है।
विकास के नाम पर होगा मतदान
धीरज त्रिपाठी ने कहा कि विधान सभा चुनाव में पहली बार मतदान करने का मौका मिला है। मेरा वोट विकास के नाम पर होगा। क्षेत्र के विकास के लिए सुयोग्य प्रत्याशी के पक्ष में ही मतदान करेंगे। मतदान हमारा अधिकार है। मतदान करने से मजबूत सरकार बनती है और मजबूत सरकार से प्रदेश का विकास होता है।
क्षेत्र का विकास होगा मुद्दा
सगीर अंसारी ने कहा कि मतदान को लेकर मन में काफी उत्साह है। यह अवसर छोड़ना नहीं है। क्षेत्र के विकास के लिए सबसे शिक्षित और साफ सुथरे प्रत्याशी को वोट देंगे। नगर के और मतदाताओं को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।