यूपी चुनाव 2022: सिद्धार्थनगर की पांच सीटों पर दिग्गजों की भरमार, फैसले का इंतजार
UP Assembly Elections 2022 सिद्धार्थनगर में शोहरतगढ़ कपिलवस्तु बांसी इटवा डुमरियागंज मिलाकर कुल पांच विधान सभा क्षेत्र हैं। यहां छठवें चरण में तीन मार्च को चुनाव होने हैं। शोहरतगढ़ में भाजपा समर्थित अपना दल एस के विधायक हैं तो अन्य चार सीटों पर भाजपा का कब्जा है।
सिद्धार्थनगर, जागरण संवाददाता। चुनाव आचार संहिता लागू होते ही चौबीस घंटे के अंदर प्रशासन ने होर्डिंग-बैनर उतरवा दिए हैं, लेकिन राजनीतिक दलों में खामोशी है। हर दल में चुनाव लडऩे वाले दिग्गजों की भरमार है। भाजपा-सपा के दिग्गजों को नेतृत्व के फैसले का इंतजार है। हालांकि सभी संभावित उम्मीदवार अपने को बेहतर बताने में जुटे हैं।
अभी यह राजनीतिक सीन
जिले में शोहरतगढ़, कपिलवस्तु, बांसी, इटवा, डुमरियागंज मिलाकर कुल पांच विधान सभा क्षेत्र हैं। यहां छठवें चरण में तीन मार्च को चुनाव होने हैं। शोहरतगढ़ में भाजपा समर्थित अपना दल एस के विधायक हैं तो अन्य चार सीटों पर भाजपा का कब्जा है। वर्ष 2017 में विधान सभा के चुनाव में मुख्य लड़ाई भाजपा-सपा में थी। इस बार भाजपा अपने विकास कार्यों के बूते सभी सीटों पर कब्जा करना चाहती है।
मेडिकल कालेज, केंद्रीय विद्यालय और हाइवे बड़ी उपलब्धि है तो क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा है। शोहरतगढ़ विधान सभा क्षेत्र में भी बहुत काम हुए, लेकिन यहां बस स्टेशन और फायर स्टेशन अभी तक नहीं बन सका है। डुमरियागंज का भी यही हाल है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में बांसी विधान सभा क्षेत्र कुछ मजबूत दिखता है, लेकिन बाढ़ के बचाव के इंतजाम अभी नाकाफी हैं।
इन मुद्दों को लेकर सत्तापक्ष को घेरेगा विपक्ष
विपक्ष के पास स्थानीय मुद्दे कम हैंं, लेकिन बाढ़, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर विपक्ष हमलावर है। डुमरियागंज क्षेत्र में बसपा और आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम औपचारिक रूप से घोषित कर रखे हैं। बांसी विधान सभा से अभी तक भाजपा, सपा, कांग्रेस व बसपा किसी दल ने भी अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। शोहरतगढ़ और इटवा में भी बसपा ने प्रभारी के तौर पर प्रत्याशी उतारे हैं, लेकिन कपिलवस्तु में किसी की घोषणा अभी तक नहीं हो सकी है। हर विधान सभा क्षेत्र से एक पार्टी के चार-छह उम्मीदवार अपने को बेहतर बताने में जुटे हैं। भाजपा व सपा में सबसे अधिक टिकट के दावेदार शोहरतगढ़ में हैं।