यूपी चुनाव 2022 : वर्चुअल वार के साथ पलटवार को 24 घंटे आइटी योद्धा तैयार
UP Vidhan Sabha Election 2022 पूर्वांचल के 12 जिलों में भाजपा के ढाई हजार से अधिक लोग सेल के पास हैं इनमें से 40 को सिर्फ गोरखपुर शहर विधानसभा पर ध्यान देने को कहा है। कुछ अभियान पहले से चल रहे हैं और कुछ में विस्तार दिया जाना है।
गोरखपुर,जितेंद्र पांडेय। भाजपा आइटी सेल के संयोजक अनादि प्रिय पाठक कोरोना संक्रमित होने के बाद से वर्क फ्राम होम (घर से काम करना) हैं। उन्हें जैसे ही पता चला कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शहर से प्रत्याशी घोषित कर दिया है, वह अपने घर से ही लैपटाप पर सक्रिय हो गए। वहीं से सेल के पदाधिकारियों को निर्देशित करने लगे कि लोगों के पास पार्टी की उपलब्धियां तो भेजी ही जाएं, साथ ही साथ अन्य दलों के लोग क्या कर रहे हैं, इस पर भी ध्यान दिया जाए। समय के साथ इंटरनेट मीडिया पर उसका काउंटर किया जाए।
चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे आइटी सेल 40 पदाधिकारी
सिर्फ अनादि प्रिय ही नहीं, उनके जैसे दर्जनों आइटी योद्धा चुनावी समर में भाजपा का जनाधार मजबूत करने में जुट गए हैं। लोगों को कार्यालय से ही वाट्सएप मैसेज, ट्विटर पर पार्टी से संबंधित संदेश भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा फेसबुक, यूट्यूब पर भी पार्टी के पदाधिकारी लगातार जानकारियां अपडेट कर रहे हैं। अनादि प्रिय बताते हैं कि वाट्सएप के एक ग्रुप पर पार्टी कार्यकर्ताओं से भी लगातार जनसंपर्क आदि की फोटो मंगवा रहे हैं। दो दिन बाद आइटी सेल के 40 पदाधिकारियों की टीम आपसी समन्वय करके 24 घंटे सातों दिन सक्रिय रहेगी। वह इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सरकार की हर उपलब्धि की जानकारी लोगों को देगी।
भाजपा के पास है आइटी सेल में लंबी फौज
भाजपा आइटी सेल के पास पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की लंबी श्रृंखला है। 12 जिलों में ढाई हजार से अधिक लोग सेल के पास हैं, इनमें से 40 को सिर्फ गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान देने के लिए कहा है। कुछ अभियान पहले से चल रहे हैं और कुछ में विस्तार दिया जाना है। दो दिन बाद आइटी सेल पूरी तरह से संचालित होगा। यह सेल विश्वस्तरीय संसाधनों से लैस है। इसका अपना न्यूज वार रूम, स्टूडियो है। कोरोना के समय जब सभी गतिविधियां शिथिल थीं, आइटी सेल इंटरनेट मीडिया पर पूरी तरह सक्रिय था। ऐसे में भाजपा की तैयारी अन्य लोगों से बहुत आगे हैं और उसकी यही तैयारी ऐतिहासिक जीत का आधार बनेगी।