UP Election 2022: यूपी में कांग्रेस दिखा रही छत्तीसगढ़ का आईना
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में कांग्रेस छत्तीसगढ़ सरकार के कार्यों का प्रचार कर लोगों को बता रही है कि यदि यूपी में सत्ता में आए तो छत्तीसगढ़ की तर्ज पर यूपी का विकास होगा।
गोरखपुर, दुर्गेश त्रिपाठी। छत्तीसगढ़ (छग) में अपने वादे-इरादे के घोषणापत्र से चुनाव जीतकर सरकार बनाने वाली कांग्रेस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी वही माडल अपना रही है। छत्तीसगढ़ में हुए कामों को विकास का आईना बताकर किसानों, महिलाओं और युवाओं के बीच जाने की योजना बनाकर कांग्रेस उसे मूर्त रूप दे रही है। किसानों का कर्जा माफ, बिजली बिल हाफ के नारे के साथ बड़े वर्ग को साधने की कोशिश कर रही कांग्रेस रोजगार के मुद्दे पर युवा और मजदूरों के सामने छत्तीसगढ़ को उदाहरण के रूप में प्रस्तुत कर रहे हैैं।
कांग्रेस सरकार की नीति बताने के लिए उतारे मंत्री-पदाधिकारी
छत्तीसगढ़ सरकार के राज्य मंत्री और विधायक से लेकर वहां के प्रांतीय संगठन के पदाधिकारी तक इस अभियान को दिशा दे रहे हैैं। कांग्रेस ने कई नेताओं को अलग-अलग जिलों में विधानसभा वार उतारकर अधिक से अधिक लोगो तक अपनी बात पहुंचाने की रणनीति बनाई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डा.प्रेमचंद जायसी अधिसूचना जारी होने के बाद से गोरखपुर में ही हैैं। उन्हें खजनी विधानसभा का जिम्मा दिया गया है, साथ ही वह जिले की कमान भी संभाल रहे हैं।
गांवों में मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें कांग्रेस से जोडऩे के साथ ही माहौल को भांप रहे हैैं। उनके साथ छत्तीसगढ़ के राज्यमंत्री भुवनेश्वर बघेल बांसगांव विधानसभा की जिम्मेदारी संभाल रहे। राज्यमंत्री कुंवर सिंह निषाद को ग्रामीण विधानसभा में लगाया गया है। वह निषादों से मिलकर उनके दिल की बात जानने में जुटे हैं।
सब परेशान इसलिए कांग्रेस में दिख रहा समाधान
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. प्रेमचंद जायसी कहते हैं कि समाज का हर वर्ग इस समय परेशान है। छत्तीसगढ़ में जिस तरह कांग्रेस ने एक झटके में किसानों का कर्ज माफ कर दिया, उसका लाभ छोटे से लगायत बड़े किसानों तक, सभी को लाभ मिला। यहां भी किसानों को भरोसा दिलाया जा रहा कि जैसे छत्तीसगढ़ में सभी का कर्जा माफ किया गया उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनते ही पहला काम यही करेंगे। बिजली का बिल आधा होने का लाभ पूरे प्रदेश को मिलेगा। छत्तीसगढ़ में न सिर्फ धान का समर्थन मूल्य 25 सौ रुपये प्रति क्विंटल है, वरन गन्ना और अन्य उपज की भी अधिक कीमत दिला रहे हैैं। इससे किसानों का आर्थिक उन्नयन हो रहा है। भाजपा, सपा और बसपा जरूरतमंदों का लाभ दिलाने में नियम व शर्तें लागू करती है। हमारा काम सीधा है।
सभी एकजुट होकर जीत हासिल करने में लगे हैं
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रवक्ता अनिल सोनकर कहते हैं कि कांग्रेसजन एकजुट होकर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए जुटे हैैं। कांग्रेस सत्ता में आएगी तो समाज का हर वर्ग लाभान्वित होगा। अमीर और गरीब के बीच की खाई कम होगी। अभी जो धनवान है, वह अधिक धनवान होता जा रहा है। जो गरीब है, और गरीब हो रहा है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की नीति का लाभ दिख रहा है।