यूपी के डिप्टी सीएम का प्रियंका गांधी पर हमला, कहा-यूपी की कानून व्यवस्था नहीं अपनी पार्टी की दशा देखें Maharajganj News
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें यूपी की कानून व्यवस्था की जगह अपनी पार्टी की दशा देखनी चाहिए।
महराजगंज, जेएनएन। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें यूपी की कानून व्यवस्था की जगह अपनी पार्टी की दशा देखनी चाहिए। महराजगंज में एक कार्यक्रम में भाग लेने आए डिप्टी सीएम ने कहा कि आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था पिछले 15 सालों में सबसे बेहतर है। राहुल गांधी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी छोड़ दी है। प्रियंका वाड्रा अपने भाई व पार्टी को देखें।
अनुच्छेद 370 हटते ही कश्मीर समस्या का हो जाएगा समाधान
इसके पूर्व महराजगंज व परतावल कस्बे में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटते ही वहां की समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल भी इस समस्या का समाधान चाहते थे। अब देश के गृहमंत्री अमित शाह इस कार्य को पूरा करेंगे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ भाजपा की सरकार आगे बढ़ रही है।
24 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष की घेराबंदी के बाद भी भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला। कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता खुद आगे आ कर चुनाव लड़ रही थी जिससे सपा-बसपा का गठबंधन चकनाचूर हो गया। देश की सुरक्षा व गरीबों के घर खुशहाली भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री की सोच है कि भारत नंबर एक देश की श्रेणी में खड़ा हो। इसके लिए प्रदेश को भी सभी क्षेत्रों में नंबर एक बनना होगा, तभी हम अपने प्रधानमंत्री के सपनें को साकार कर सकते हैं। उप मुख्यमंत्री ने जनपद में 24 करोड़ 42 लाख की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करते हुए महराजगंज नगर में बाईपास बनाने की घोषणा भी की।