मुसीबत में फंसी 753 महिलाओं को यूपी 112 ने सुरक्षित पहुंचाया घर Gorakhpur News
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने की भी पुलिस ने जिम्मेदारी उठाई है। देवरिया में एक साल में 753 महिलाओं को उनके घर तक पुलिस ने सुरक्षित छोड़ा है। पुलिस की इस पहल की हर महिलाएं स्वागत कर रही हैं।
गोरखपुर, जेएनएन : मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सुरक्षित घर पहुंचाने की भी पुलिस ने जिम्मेदारी उठाई है। देवरिया में एक साल में 753 महिलाओं को उनके घर तक पुलिस ने सुरक्षित छोड़ा है। पुलिस की इस पहल की हर महिलाएं स्वागत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सहयोग करके आभास करा दिया है कि वो अकेले नहीं हैं। उन्हें अहसास कराया कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है।
ऐसे काम करती है टीम
देवरिया में चार यूपी 112 की गाड़ी में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती है। पुलिस कर्मियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगती है। ये गाड़ियां संकट में फंसी महिलाओं को उनके घर तक पहुंचातीं हैं। एसपी ने कहा कि एक गाड़ी देवरिया सदर, एक रुद्रपुर व एक गाड़ी खामपार में समेत चार क्षेत्रों में चलाई जाती है। इस गाड़ी पर दिन में दो-दो महिला आरक्षी व रात को दो-दो महिला आरक्षी की तैनाती रहती है। संकट में फंसी महिला यूपी 112 नंबर पर काल करती हैं और यह गाड़ी महिला के पास पहुंच कर उन्हें उनके घर तक पहुंचाती हैं। इन क्षेत्रों के अलावा किसी अन्य क्षेत्र में भी महिला अगर फंसी है तो भी यूपी 112 की गाड़ी पहुंचती है और उन गाड़ी में महिला सिपाही नहीं है तो महिला अपने साधन या किराये के वाहन से अपने घर को जाती है तो यूपी 112 नंबर की गाड़ी महिला का स्कोर्ट करती है।
घरेलू हिंसा पर अंकुश लगाने की पहल
पुलिस अधीक्षक डा.श्रीपति मिश्र ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत घरेलू हिंसा पर अंकुश लगाने और महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए 112 यूपी द्वारा महिला पीआरवी चलाई जा रही है। इसमें महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि पीड़ित महिला नि:संकोच अपनी बात महिला पुलिसकर्मियों को बता सके। इसके साथ ही कोई भी पीड़िता 112 यूपी पर काल कर के अपना रजिस्ट्रेशन भी करा सकती हैं।