छज्जा पर खड़ा होकर करा रहा था निर्माण, ढहने से दो मजदूरों की मौत
वह छज्जे पर खड़ा होकर मकान ईट और गारा दे रहा था। तभी छज्जा गिर गया। उसमें दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि राजमिस्त्री घायल हो गया।
गोरखपुर, जेएनएन। बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के छनवतिया गांव में शुक्रवार को निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर कर ढह गया, जिससे उसके नीचे दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
छनवतिया गांव में शब्बीर के मकान का निर्माण हो रहा है। मकान के निर्माण के लिए मजदूर और राजमिस्त्री लगाए गए हैं। मकान का छज्जा बनकर तैयार हो गया था। उसी छज्जे पर चढ़कर एक मजदूर ईट दे रहा था। जबकि राजमिस्त्री ईट को छज्जे के बगल में लगा रहा था। तीसरा मजदूर छज्जे के नीचे था। दोपहर करीब एक बजे अचानक मकान का छज्जा गिर पड़ा, जिससे उसके नीचे तीनों लोग दब गए। छज्जा गिरते ही लोगों में हड़कंप मच गया। अफरा-तफरी के बीच ग्रामीण पहुंचे और सभी ने मिलकर घायलों को निकाला। इस दौरान शटरिग का कार्य करने वाले मजदूर 29 वर्षीय राजेश कुमार यादव पुत्र स्वामीनाथ की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बाकी दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तत्काल दोनो घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल इसी गांव के सत्यराम के पुत्र 18 वर्षीय रामू और रुधौली थाना क्षेत्र के नेवादा निवासी 58 वर्षीय राजमिस्त्री परशुराम शामिल थे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्टौवा के डाक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रामू ने भी दम तोड़ दिया। राजमिस्त्री परशुराम की स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल का पुलिस क्षेत्राधिकारी रुधौली एसपी सिंह ने निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों के परिजनों को ढाढस बंधाया।