महराजगंज में नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत Maharajganj news
महराजगंज जिले में रोहिन नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
महराजगंज, जेएनएन। महराजगंज जिले के परसामलिक थाना क्षेत्र के ग्राम सभा शीशमहल टोला कल्याणपुर निवासी आठ वर्षीय अंकित पुत्र जयहिंद व छह वर्षीय अजय पुत्र वीरेंद्र साहनी की गांव के समीप से होकर बहने वाली रोहिन नदी में नहाते समय डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने कुछ दूरी से दोनों का शव नदी से बरामद कर लिया।
यूकेजी के छात्र थे दोनो
परसामलिक थाना क्षेत्र के शीशमहल निवासी अंकित व अजय गांव के चौराहा स्थित एक निजी स्कूल में यूकेजी में पढ़ते थे। विद्यालय में छुट्टी के बाद दोनों घर पर बस्ता रखकर रोहिन नदी में नहाने चले गए।
नदी में नहाते समय गहरे पानी में डूब गए। नदी के दूसरी तरफ भैंस चरा रहे चरवाहों ने जब घंटों बीतने के बाद भी बच्चों को नहर से बाहर आते नहीं देखा तो, अनहोनी की आशंका पर उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी।
जहां डूबे वहीं हुआ अंतिम संस्कार
आनन-फानन में रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने दोनों के शवों का देर रात रोहिन नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। थानाध्यक्ष पहलाद पांडेय ने बताया कि बच्चों के नहर में डूबने से हुई मौत की जानकारी देर रात को हुई। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
सिद्धार्थनगर में नहर में नहाने गया किशोर लापता
उधर, सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थानान्तर्ग अल्लापुर ग्राम पंचायत के जगदीशपुर डीह के दक्षिण स्थित सरयू नहर में 13 वर्षीय मोहित पुत्र स्व. राम नेवास नहाने गया था। पानी अधिक व गहराई ज्यादा होने के कारण किशोर नहर में डूब गया। पानी मे किशोर के डूबने की जानकारी होने पर ग्रामीण व स्थानीय पुलिस शव तलाशती रही। प्रशासन गोताखोरों के सहयोग से बालक को खोज रहा है।