होली पर आसान होगी यात्रा ; इन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, 300 होली स्पेशल बसें भी चलेंगी
होली पर्व के दौरान दर्जनों ट्रेनें निरस्त हैं। इस देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कुछ स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है जो यात्रियों की राह को आसान बनाएंगी। कई स्पेशल बसें भी चलाई जाएंगी।
गोरखपुर, जेएनएन। होली पर्व के दौरान दर्जनों ट्रेनें निरस्त हैं। मालगाडिय़ों को पास कराने और अंडरपास निर्माण के चलते आए दिन ट्रेनों का संचलन प्रभावित हो रहा है। परेशानी बढ़ गई है। इस देखते हुए रेलवे प्रशासन ने कुछ स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जो यात्रियों की राह को आसान बनाएंगी।
गोरखपुर से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेन
- 04923 नंबर की ट्रेन गोरखपुर से 22 मार्च को रात 10.10 बजे से रवाना होगी। यह ट्रेन दूसरे दिन दोपहर बाद 2.45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
- 04924 नंबर की ट्रेन 21 मार्च को चंडीगढ़ से रात 11.15 बजे से रवाना होगी। यह ट्रेन दूसरे दिन शाम 5.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गोरखपुर के रास्ते चलने वाली स्पेशल ट्रेनें
- 04052 नंबर की ट्रेन आनंदविहार से 20 मार्च को रात 11.45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर तीसरे दिन दोपहर 2.45 बजे कामाख्या पहुंचेगी।
- 04051 नंबर की ट्रेन कामाख्या से 23 मार्च को सुबह 5.35 बजे से रवाना होगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर दूसरे दिन शाम 6.15 बजे आनंदविहार पहुंचेगी।
- 04403 नंबर की ट्रेन 23 मार्च को बरौनी से रात 9.55 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर दूसरे दिन रात 10.10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
- 04404 नंबर की ट्रेन नई दिल्ली से 22 मार्च को रात 7.25 बजे से रवाना होगी। य ट्रेन गोरखपुर होकर दूसरे दिन रात 7.18 बजे बरौनी पहुंचेगी।
- 04917 नंबर की ट्रेन कटिहार से 17 और 24 मार्च को रात 11 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर तीसरे दिन सुबह 8.40 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी।
- 04918 नंबर की ट्रेन फिरोजपुर से 23 मार्च को सुबह 10.40 बजे से रवाना होगी। यह ट्रेन गोरखपुर होकर दूसरे दिन रात 7.00 बजे कटिहार पहुंचेगी।
परिवहन निगम ने भी कसी कमर, चलेंगी 300 होली स्पेशल बसें
होली पर्व पर यात्रियों की सहूलियत के लिए गोरखपुर परिक्षेत्र से विभिन्न मार्गों पर कुल 300 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। यह बसें 17 से 24 मार्च तक चलेंगी। इन बसों को निर्बाध गति से संचालित करने के लिए परिवहन निगम ने अधिकारियों, चालकों, परिचालकों सहित संबंधित कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश कुमार के अनुसार गोरखपुर-कानपुर रूट पर 20, गोरखपुर-लखनऊ रूट पर 150, गोरखपुर-दिल्ली रूट पर 100, गोरखपुर-वाराणसी और गोरखपुर-प्रयागराज रूट पर 15-15 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। आवश्यकता पडऩे पर और अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। ताकि गोरखपुर पहुंचने वाले यात्रियों को समय से उनके घर तक पहुंचाया जा सके। होली पर्व के लिए बसों की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। लगातार ड्यूटी करने वाले चालकों, परिचालकों और संबंधित कर्मचारियों को अलग से प्रोत्साहन भत्ता प्रदान किया जाएगा।