लोडिंग वाहन पलटने से सिद्धार्थनगर के तीन मजदूरों की मौत, 26 घायल Siddharthnagar News
मध्यप्रदेश में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सभी यूपी के सिद्धार्थनगर जिले के निवासी थे जो लोडिंग वाहन पर बैठकर मुंबई जा रहे थे।
सिद्धार्थनगर, जेएनएन। मध्यप्रदेश के शाजापुर जनपद के भीलवाड़ा जोड़ के पास सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 मजदूर घायल हो गए। सभी जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी थे, जो लोडिंग वाहन पर बैठकर मुंबई (महाराष्ट्र) जा रहे थे।
मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के भीलवाड़ा के पास हुई घटना
ढेबरूआ थानान्तर्गत सौरहवा ग्रांट निवासी मजदूर किस्म के 29 लोग लोडिंग वाहन पर बैठकर मुंबई जा रहे थे। शुक्रवार/शनिवार की रात मध्यप्रदेश में शाजापुर से करीब आठ किमी दूर आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीलवाड़ा जोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जाता है कि गाड़ी तीन पलटी खाकर सड़क किनारे करीब पांच फिट नीचे जा गिरी। सहज राम यादव (46) व मनीराम (42) की घटना स्थल पर मौत हो गई। जबकि राम सूरत चौहान (27) की मौत अस्पताल में चिकित्सीय उपचार के दौरान हुई। हादसे में 26 अन्य के घायल होने की सूचना है। अधिकांश को वहीं पर जिला चिकित्सालय में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की स्थिति गंभीर बताई गई है।
परिजन घटनास्थल की ओर रवाना, गांव में शोक की लहर
परिजन घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं। तीन मौत के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर गांव में कोहराम मच गया। मृतक सहित घायलों के बारे में पता करने के लिए उनके परिजन परेशान नजर आए। इनमें कुछ घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष ढेबरूआ शिवदास गौतम ने कहा कि फिलहाल घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।