घर में नहीं था शौचालय, विवाहिता ने पति के साथ जाने से किया इनकार Gorakhpur News
घर में शौचालय नहीं था इसलिए महिला ने पति के साथ ससुराल जाने से मना कर दिया। मामला गोरखपुर का है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के बड़हलगंज क्षेत्र की नीबी दुबे की रहने वाली सुमन शादी करके ससुराल सहुआकोल गईं तो उन्हें वहां शौचालय नहीं मिला। कई दिनों तक घर के बाहर शौच के लिए गईं। वहां होने वाली दिक्कतों के बारे में पति और ससुरालियों से कहा, लेकिन किसी ने एक न सुनी। जब मायके गईं तो ससुराल जाने से मना कर दिया। शर्त रखी कि जब तक शौचालय नहीं बनेगा, तब तक वह नहीं जाएगी।
थाने में हुआ समझौता
गगहा थाने में मायके पक्ष व ससुरालियों में बातचीत होती रही। अंतत शौचालय बनवाने के बाद विवाहिता को ससुराल लाने का लिखित समझौता हुआ।
चार साल पहले हुई थी शादी
सुमन की शादी करीब चार साल पहले सहुआकोल निवासी राजन दुबे से हुई थी। ससुराल में शौचालय न होने से वह कई बार मायके लौट गईं। एक साल के बेटे के साथ सालभर से वह मायके में ही रह रही हैं। ससुराल पक्ष के लोगों ने कई बार विदाई कराने का दबाव बनाया, लेकिन शर्त यह थी कि पहले शौचालय बनवाएं।
दुल्हन ने रखी शौचालय बनवाने की शर्त
जमीन संबंधी विवाद का हवाला देकर ससुराल के लोग बाद में शौचालय बनवाने की बात कहते रहे। अंत में ससुरालियों ने मायके पक्ष पर दबाव बनाने के लिए थाने में तहरीर दे दी। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। जैसे ही बात शुरू हुई दुल्हन ने अपनी शर्त रख दी। पति राजन ने कहा कि शौचालय निर्माण के लिए परिवार के लोगों से कई बार कहा था। अब शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
ग्राम प्रधान ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही शौचालय बनवा दिया जाएगा। - सुनीलकांत शुक्ल, एसआइ
ओडीएफ शौचालय 2002 की पात्रता सूची के हिसाब से बना था। नई सूची बनाई जा रही है। सूची में नाम है कि नहीं, इसकी जांच की जाएगी। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी। - सुनील कुमार कौशल, खंड विकास अधिकारी