दिन में सुलह की और रात में पति ने मारपीट कर महिला को घर से निकाला, जांच शुरू Gorakhpur News
पत्नी ने शिकायत की तो पति ने गांव में ही संभ्रांत लोगों को बुलाकर समझौता कराया। समझौता होने के बाद उसने महिला की पिटाई कर घर से निकाल दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। दिल्ली में रहने के दौरान एक युवक ने न्यायालय में जाकर शादी कर ली। दोनों के बीच कुछ दिनों तक मधुर संबंध चलता रहा, लेकिन बाद में मनमुटाव हो गया और पति आए दिन प्रताडि़त करने लगा। पत्नी ने शिकायत की तो पति ने गांव में ही संभ्रांत लोगों को बुलाकर समझौता कराया। समझौता होने के बाद उसने महिला की पिटाई कर घर से निकाल दिया। इस मामले में पीडि़ता न्याय के लिए देवरिया के एसपी कार्यालय पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। एसपी ने खुखुंदू थानाध्यक्ष को मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गोरखपुर की रहने वाली है महिला
गोरखपुर की रहने वाली प्रतिमा दिल्ली में रहती थी। इस बीच उसकी मुलाकात देवरिया जिले के खुखुंदू थाना के मझवलिया निवासी राजकिरण से दिल्ली में हो गई। दोनों ने दो साल पहले शादी कर ली। इसके बाद बीच-बीच में प्रतिमा अपने ससुराल भी आती रहती। इस बीच ससुराली उसे आए दिन प्रताडि़त करने लगे। इसके बाद वह मायके में रहने लगी। 26 नवंबर को गांव में पंचायत हुई, जिसके बाद दोनों में सुलह हो गया। उसी रात प्रतिमा को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही उसके पास मौजूद आभूषण भी छीन लिया।
महिला को पति ने पीटा
देवरिया सदर कोतवाली के सरौरा निवासी राबिया को ससुरालियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही पिटाई करने के बाद उसे घर से निकाल दिया। इस मामले में राबिया ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि देर शाम तक मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी थी।