बारिश से मौसम रहा खराब, गलन बढ़ी, अगले दो दिनों के बीच हो सकती है हल्की वर्षा
सिद्धार्थनगर में बूंदाबांदी और हल्की बारिश प्रारंभ हुई तो उसका क्रम सुबह तक चला। इस बीच मौसम काफी खराब हो गया। दोपहर में धूप निकली तो आमजन को राहत मिली। पिछले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। सिद्धार्थनगर में छह जनवरी की मध्य रात्रि के बाद बूंदाबांदी और हल्की बारिश प्रारंभ हुई तो उसका क्रम सुबह तक चला। इस बीच मौसम काफी खराब हो गया। दोपहर में धूप निकली तो आमजन को राहत मिली। पिछले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। जिसकी वजह से ठंड व गलन में थोड़ी कमी आई।
सात जनवरी को हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग की ओर से सात जनवरी को हल्की वर्षा की संभावना जताई गई थी, पर छह जनवरी को आधी रात के बाद ही मौसम अचानक बदल गया। बूंदाबांदी के बीच हल्की वर्षा होने लगी। जिसके चलते ठंड से ठिठुरन बढ़ रही है। भोर में ऐसा लगा कि आज मौसम खुलेगा ही नहीं, मगर नौ बजते ही बारिश रूक गई, दोपहर होते-होते धूप निकल गई।
22 डिग्री सेल्सियस रहा तापमान
बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। बीच-बीच में सूरज बादलों के ओट में छुपता जरूर रहा, पर ठंड से काफी हद तक राहत मिली। आज अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को भी अधिकतम व न्यूनतम तापमान इसी प्रकार बने रहने की संभावना है। अगले दो दिनों में बूंदबांदी के बीच हल्की बारिश के आसार हैं। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हल्की वर्षा हुई है, फिर भी 24 घंटे के अंदर तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। कोहरे के धनत्व में भी कमी आई। सुबह-शाम और रात में ठंड बनी रहेगी।
इंटर कालेज में 350 को लगा कोरोना वैक्सीन
उसका बाजार के पकड़ी स्थित तीर्थराज समरथा इंटर कालेज में 15 से 18 वर्ष तक के विद्यार्थियों को कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए गुरुवार को कैंप लगाया गया। सभी ने उत्साह के साथ वैक्सीन लगवाया। इस दौरान कुल 350 को वैक्सीन लगा।प्रधानाचार्य सुग्रीवलाल श्रीवास्तव ने बताया कि यह कैंप 10 तक जारी रहेगा। बताया कि किशोर बढ़ चढ़ कर वैक्सीन लगवा रहे हैं।सीएचसी अधीक्षक डा. अविनाश चौधरी ने बताया की स्कूलों में कैंप लगाकर वैक्सीन लगाने के साथ साथ सभी को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा। ताकि जल्द से जल्द वैक्सीन लगाने का काम समाप्त हो सके। रामकुमार पाण्डेय, सत्य प्रकाश शुक्ला, शैलेश श्रीवास्तव, राकेश, ध्रुव नारायण शर्मा, आदि अध्यापक मौजूद रहे।