यहां हर दिन बढ़ रहा बाइक लिफ्टरों का आतंक, जानिए क्या कर रही पुलिस Gorakhpur News
बाइक चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। ताबड़तोड हो रही चोरी की दो बाइक को पुलिस ने बरामद करने में सफलता पाई है। फिर भी हर दिन किसी न किसी थाना क्षेत्र में चोर घटना को अंजाम दे रहे हैं।
तेज प्रकाश त्रिपाठी, गोरखपुर : इस वक्त बाइक चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। बाइक लिफ्टर पुलिस को खूब छका रहे हैं। ताबड़तोड हो रही चोरी की दो बाइक को पुलिस ने बरामद करने में सफलता पाई है। फिर भी हर दिन किसी न किसी थाना क्षेत्र में चोर घटना को अंजाम दे रहे हैं। सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र में एक साथ दो बाइक चोर ले जाने में सफल रहे। घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। सदर सर्किल व इटवा क्षेत्र में चोरी की घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। इसके पूर्व बर्डपुर व नौगढ़, लोटन थाना क्षेत्र में हुई चोरियों का पर्दाफाश अब तक नहीं हो सका है।
केस- एक
लोटन थाना क्षेत्र के लोटन-सोहास मार्ग पर स्थित नेतवर गांव के मोड़ चौराहे पर दुकान के सामने रखी बाइक 14 फरवरी को चोरी हो गई थी। गांव निवासी राकेश पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर कहा था कि उनकी बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। उसके सामने खड़ी बाइक चोरी हो गई। घटना उस वक्त हुई जब वह ग्राहकों को सामान दे रहे थे। पहले खुद पता लगाने की कोशिश की, पर जब वाहन नहीं मिला तो पुलिस से मदद मांगी। आज तक वाहन बरामद नहीं हो सका।
केस-दो
महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के महाबीरपुर निवासी संतराम मौर्या की बाइक लोटन थाना क्षेत्र के इलाहाबास बाजार से 11 जनवरी को चोरी हो गई। खोजबीन की, पता नहीं लगने पर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जल्द वाहन बरामद करने का आश्वासन दिया। आज तक वाहन का पता नहीं लग सका। अब तक उन्हें सिर्फ पुलिस आश्वासन ही दे रही है।
केस- तीन
त्रिलोकपुर थाना अंतर्गत नवसृजित नगर पंचायत बिस्कोहर के बेलवा निवासी जसवंत सिंह की मोटरसाइकिल 18 मार्च की रात घर के लान से चोरी चली गई। सुबह घर वाले जागे तो देखा बाइक गायब थी। काफी खोजबीन के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो शिकायती पत्र बिस्कोहर चौकी पर दिया।
केस- चार
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बेलवा गांव के ही निवासी वाघेन्द्र सिंह के घर से एक बाइक चोरी हो गई। वाहन गैराज में खड़ी थी। पहले पता लगाने की कोशिश की, जब पता नहीं चला तो सूचना पुलिस को दी गई। 24 घंटे से अधिक समय बीत गया है। वाहन का पता नहीं है।
सर्वाधिक पांच चोरी लोटन थाने में
जनवरी से अब तक नौ वाहनों के चोरी होने का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है। सर्वाधिक पांच वाहन लोटन थाना क्षेत्र से चोरी हुई है। सदर थाने में एक, शोहरतगढ़ एक, बांसी एक, इटवा में एक एक वाहन के चोरी होने का आकंड़ा विभाग के पास है, जबकि कई ऐस वाहन भी चोरी हुए, जिनका मुकदमा ही नहीं दर्ज किया गया।
बोले जिम्मेदार
एसपी राम अभिलाष त्रिपाठी ने कहा कि बाइक चोरी की घटना को रोकने के लिए सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया गया है। सदर पुलिस ने पिछले दिनों दो चोरी की बाइक के साथ एक युवक को पकड़ा भी है। चोरी की अन्य बाइक की बरामदगी के लिए टीम को लगाया गया है।