प्रधानमंत्री करेंगे महाराजा सुहेलदेव की स्मारक का शिलान्यास Gorakhpur news
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव की कर्मभूमि बहराइच के चित्तौरा को पर्यटन स्थल बनाने का फैसला लिया है। जयंती के अवसर पर जहां-जहां राजा सुहेलदेव की प्रतिमा होंगी वहां पुलिस कर्मी बैंड बजा कर उनको नमन और अभिनंदन करेंगे।
गोरखपुर, जेएनएन। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि बसंत पंचमी के दिन (16 फरवरी को) महाराजा सुहेलदेव की जयंती पर बहराइच में भव्य स्मारक का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राजभर समाज के प्रमुख नेता इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे। वहां एक संग्रहालय भी बनेगा जिसमें महाराजा सुहेलदेव से जुड़ी ऐतिहासिक जानकारियों दर्ज होंगी।
चित्तौरा को पर्यटन स्थल बनाने का फैसला
कैबिनेट मंत्री ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि योगी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव की कर्मभूमि बहराइच के चित्तौरा को पर्यटन स्थल बनाने का फैसला लिया है। जयंती के अवसर पर जहां-जहां राजा सुहेलदेव की प्रतिमा होंगी वहां पुलिस कर्मी बैंड बजा कर उनको नमन और अभिनंदन करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा लिया गया फैसला स्वागत योग्य है। हम सभी योगी जी के इस निर्णय का अभिनंदन करते हैं। अनिल राजभर ने कहा कि पिछली गैर भाजपा सरकारों ने सालार मसूद जैसे आक्रांताओं को महिमामंडित करने का काम किया जिसपर हिंदुओं की हत्या का आरोप लगा।
पिछली सरकारों ने नहीं किया सम्मान
जिस महाराजा सुहेलदेव ने हिंदुओं की रक्षा के लिए इतनी बड़ी लड़ाई लड़ी उस राजा का सम्मान पिछली सरकारों ने कभी नहीं किया। ऐसे प्रतापी महाराजा का सम्मान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार कर रही है, जो हम सब के लिए गौरव की बात है। मौनी अमावस्या पर प्रियंका गांधी द्वारा संगम में डुबकी लगाए जाने पर चुटकी लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर है। हमने देखा है जो लोग मंदिरों में कदम नहीं रखते थे वह आज श्रद्धा की डुबकी लगाते दिख रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारती समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के लिए भाजपा के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो चुके हैं। क्योंकि उन्होंने ओवैसी के पार्टी से हाथ मिला लिया है।