#हादसा : बरातियों से भरी पिकअप खाई में गिरी- एक की मौत, आठ घायल
संतकबीर नगर में बुधवार सुबह कन्नौज के गुरु सहायगंज से महराजगंज जा रही बरातियों से भरी पिकअप खाई में जा गिरी। दुर्घटना में मौके पर ही एक की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए।
गोरखपुर/संतकबीर नगर, जेएनएन। संतकबीर नगर के बीएमसीटी (बस्ती-मेंहदावल-कैंपियरगंज-तमकुहीराज) मार्ग पर बुधवार सुबह कन्नौज के गुरु सहायगंज से महराजगंज जा रही बरातियों से भरी पिकअप खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में मौके पर ही एक की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुधारा थाना क्षेत्र के दरियाबाद नहर पुलिया के पास सुबह करीब सात बजे बेकाबू पिकअप खाई में जा गिरी। हादसे में वीर सिंह (40) ग्राम भैंसियापुर, गंगागंज, कन्नौज की मौत हो गई है।
यह हुए घायल
गुरु सहायगंज कन्नौज के बिरजू ( 35) पुत्र जगदीश, बबलू गुप्त (30) पुत्र राम किशन, रमन गुप्त (35) पुत्र श्रीकिशन, आदेश (50) पुत्र मानिक, संदीप गुप्त (40) पुत्र रमेश गुप्त, लक्ष्मीनारायण (40) पुत्र राम प्रसाद, जगदीश (50) सोनू गुप्त (28) पुत्र जयकरन गुप्त गंभीर रूप से घायल हो गए। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार गौतम ने बताया कि हादसे के बाद चालक फरार हो गया है।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से किसान की मौत
उधर, बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र के चौरी बाजार में मंगलवार की देर रात गेहू की दंवाई कर रहे किसान की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। गांव के 45 वर्षीय मंगल जायसवाल पुत्र केदार रात करीब दस बजे ट्रैक्टर में थ्रेसर मशीन जोड़कर गेहूं की दंवाई कर रहे थे। ट्रैक्टर की स्पीड तेज करने के दौरान अचानक गियर लग गया। जिससे ट्रैक्टर आगे बढ़ गया तथा वह उसके पहिये के नीचे आ गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में बस्ती स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां से इलाज कराने के बाद घर लौट आए। रात में करीब तीन बजे मंगल के शरीर में भयानक दर्द होने लगा जब तक लोग पुन: अस्पताल ले जाते उनकी मौत हो गई।