विधायक ने कहा-सीएए पर विपक्ष कर रहा है गुमराह, सावधान रहने की जरूरत Gorakhpur News
उन्होंने कहा कि विपक्षियों के पास राजनीति करने के लिए कोई मुद्दा नही है। वह मुसलमानों के वोट को अपनी तरफ लाना चाहते हैं। विपक्षी दल लोगों को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। सहजनवां के भाजपा विधायक शीतल पांडेय ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश के पीडि़त हिंदुओं को भारत में नागरिकता देने का प्रावधान है। देश के किसी व्यक्ति की नागरिकता छीनने का प्रावधान नहीं है। विपक्ष आम लोगों को गुमराह करने पर लगा हुआ है। इसलिए विपक्षियों से सतर्क और सावधान रहें।
वह नगर पंचायत उनवल में जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीएए देश में लागू करना जरूरी था। दूसरे देशों में रह रहे हिंदुओं के साथ अत्याचार किया जा रहा है। यह कानून उनके लिए बनाया गया है। इसलिए किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्षियों के पास राजनीति करने के लिए कोई मुद्दा नही है। वह मुसलमानों के वोट को अपनी तरफ लाना चाहते हैं। देश के तमाम पढ़े लिखे मुसलमान यह समझ गए हैं कि उनके वोट बैंक पर विपक्षी दलों की निगा है। इसलिए वह सतर्क हैं। आम जनता को भी समझने की जरूरत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभासद संतोष त्रिपाठी ने किया जबकि संचालन रामचरन कन्नौजिया ने किया।
भाजपाइयों ने किया पैदल मार्च
नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में जनजागरूकता के लिए भाजपाइयों ने पैदल मार्च किया। सिकरीगंज कस्बे से शुरू हुए मार्च के बाद भूमिधर, लालमनपुरा, इमलीडीह, कोहरवतिया व ढाढी जोत आदि स्थानों पर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को सीएए के बारे में पत्रक बांटे गए। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर कहा कि सीएए पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों नागरिकता देने के लिए हैं। विपक्षी दल लोगों को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं।
जनजागरण रैली में पहुंचने का किया आह्वान
भाजपा के जिलामंत्री व बेलघाट मंडल के कार्यक्रम प्रभारी जगदीश चौरसिया के नेतृत्व में बेलघाट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा पदयात्रा निकालकर व पर्चा देकर लोगों को सीएए के बारे में जागरूक किया। वहीं 19 जनवरी को गोरखपुर में होने वाली विशाल जनजागरण रैली में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को शामिल होने का आह्वान किया।