पशुपालक पर दर्ज हो चुका है मुकदमा ; अब गाय का पोस्टमार्टम कराएगा नगर निगम, जानें- क्या है मामला Gorakhpur News
दूध देना छोड़ने के बाद जिस गाय को पशुपालक में छोड़ दिया था उसकी मौत हो गई। अब नगर निगम प्रशासन गाय का पोस्टमार्टम कराने जा रहा है। पशुपालक पर पहले ही मुदका दर्ज हो चुका है।
गोरखपुर, जेएनएन। दूध देना छोड़ने के बाद जिस गाय को पशुपालक में तारामंडल के बुद्ध बिहार पार्ट सी में छोड़ दिया था उसकी मौत हो गई है। अब नगर निगम प्रशासन गाय का पोस्टमार्टम कराने जा रहा है। इसके लिए तीन पशु चिकित्साधिकारियों का पैनल गठित किया गया।
सगे भाइयों पर हुआ है मुकदमा
दो दिन पहले बुद्ध बिहार पार्ट सी निवासी अनिल सिंह ने नगर निगम में शिकायत की थी उनके घर के सामने एक गाय पड़ी हुई है। नगर निगम की टीम ने मौके पर जांच की तो गाय के कान में लगे टैग के आधार पर पशुपालक की पहचान रुस्तमपुर निवासी सगे भाइयों के रूप में हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह ने पशुपालक के खिलाफ एफआइआर के निर्देश दिए थे। रामगढ़ताल थाने में सगे भाइयों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है।
उप सभापति से मिले पशु पालक
एफआइआर दर्ज होने के बाद पशुपालक भाई नगर निगम पहुंचे। उन्होंने नगर निगम कार्यकारिणी के उपसभापति से मुलाकात कर बताया कि गाय उनके तीसरे भाई रखते हैं लेकिन मुकदमा उनके खिलाफ दर्ज हो गया है। उन्होंने मुकदमे से खुद का नाम निकालने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। उपसभापति बृजेश सिंह छोटू ने कहा कि पशुपालक नगर निगम में आए थे। उनसे हलफनामा देने को कहा गया है।