गोरखपुर के बदमाश भी थे गोली मारने वालों में शामिल, मुख्य आरोपित हिरासत में
शहर के गोरखपुर रोड पर रेमंड शोरूम के सामने रेस्टोरेंट संचालक के पुत्र शुभम मद्धेशिया के गर्दन में गोली मारने के मामले में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने कुशीनगर के रहने वाले मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया है। इस घटना में गोरखपुर के बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है।
देवरिया : शहर के गोरखपुर रोड पर रेमंड शोरूम के सामने रेस्टोरेंट संचालक के पुत्र शुभम मद्धेशिया के गर्दन में गोली मारने के मामले में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने कुशीनगर के रहने वाले मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया है। इस घटना में गोरखपुर के बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस जल्द ही पर्दाफाश करने की तैयारी में है।
शहर के कैलाशपुरी के रहने वाले रेस्टोरेंट संचालक शैलेंद्र मद्धेशिया के पुत्र शुभम मद्धेशिया के गर्दन में बुलेट सवार बदमाशों ने 17 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे गोली मार दी। उनका इलाज केजीएमयू लखनऊ में चल रहा है। रेस्टोरेंट संचालक ने कुशीनगर के रहने वाले पूर्व साझेदार के पुत्र पर शक जाहिर किया था। पुलिस की जांच में पता चला कि पूर्व साझेदार के पुत्र ने तीन अन्य लोगों को घटना को अंजाम देने के लिए देवरिया बुलाया था, जो गोरखपुर के शातिर बदमाश बताए जा रहे हैं। सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया गया है। घटना में चार लोग शामिल थे। गोरखपुर के बदमाश भी शामिल थे। उनकी पहचान कर ली गई है। मुख्य आरोपित के मोबाइल से मिली अहम जानकारी
पुलिस की मानें तो मुख्य आरोपित के मोबाइल की सीडीआर (काल डिटेल रिकार्ड) निकाला गया। जिससे पता चला कि रेस्टोरेंट संचालक के पुत्र की जान लेने की नियत से मुख्य आरोपित ने गोरखपुर के बदमाशों को बुलाया था। पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर ली है। पुलिस दबिश देने गोरखपुर भी गई थी। पति समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा
बंजरिया में विवाहिता की फंदे से लटक कर हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। तरकुलवा के दुबेटोला निवासी गौरी शंकर गुप्ता की बेटी अनीता का विवाह तीन साल पूर्व क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी रितेश मद्धेशिया के साथ हुआ था। रितेश गांव के दक्षिण चौराहे पर सब्जी की दुकान लगाता है। 17 अक्टूबर की दोपहर में अनीता का शव घर के एक कमरे में फंदे के सहारे लटकता मिला। जिस कमरे में घटना हुई थी, उसका फाटक खुला था। घटना की सूचना किसी ने पुलिस को दी। देर शाम को मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मृतका के पति रितेश, भसुर सुनील, देवर पवन कुमार, सास देवांती, ननद रिकी एवं जेठानी मंजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।