फरियादियों की समस्या सुन मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल समाधान करने का दिया निर्देश Gorakhpur News
उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की फरियाद सुनी और उन्हें समस्या समाधान के लिए आश्वस्त किया।
गोरखपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की सुबह सवा दस बजे झारखंड के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की फरियाद सुनी और उन्हें समस्या समाधान के लिए आश्वस्त किया। लंबे समय से लंबित मामलों को योगी ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के लिए मौके पर ही अधिकारियों को सौंपा और तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
मंदिर का किया भ्रमण, की पूजा
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन दिन के दौरे पर गोरखपुर आए हुए थे। गुरुवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। गुरु गोरखनाथ व ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पूजा अर्चना के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और फिर कुछ समय गोशाला में गायों के बीच रहे।
मुख्यमंत्री खुद पहुंचे फरियादियों के पास
इसी क्रम में वह मंदिर के हिंदू सेवाश्रम पहुंचे, जहां फरियाद के लिए तड़के से ही बड़ी संख्या गोरखपुर और आसपास के लोग जमे हुए थे। योगी एक-एक फरियादी के पास खुद गए और उनका प्रार्थना-पत्र लिया। सभी फरियादियों की समस्या को उन्होंने ध्यान से सुना और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश भी देते रहे। कैंप कार्यालय प्रभारी मोतीलाल ने भी सुनी समस्या
मुख्यमंत्री के जाने के बाद बचे हुए करीब 50 फरियादियों की समस्या मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रभारी मोती लाल सिंह ने सुनीं। इस दौरान एडीजी दावा शेरपा व जयनारायण सिंह, कमिश्नर जयंत नार्लिकर, जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता आदि मौजूद रहे।