बस्ती से किशोरी का अपहरण कर लखनऊ में सामूहिक दुष्कर्म, पांच पर मुकदमा
UP बस्ती जिले से एक किशोरी का अपहरण कर लखनऊ में कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में पांच पर मुकदमा दर्ज किया है।
बस्ती, जेएनएन। बस्ती जिले की एक किशोरी को अपहृत कर लखनऊ में एक कमरे में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। लखनऊ पुलिस की मदद से 18 सितंबर को गांव पहुंची पीड़िता ने परिजनों के साथ पहुंचकर थाने पर तहरीर में दी। पुलिस ने इस मामले में पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।बहला-फुसलाकर अपने साथ लखनऊ ले गए अपहर्ता
थाना प्रभारी दुबौलिया अनिल कुमार ने बताया की पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। छानबीन कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। पीड़िता की दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बीते सात सितंबर को दुबौलिया थाना क्षेत्र का अजय और रेहान उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ लखनऊ ले गए। चिनहट क्षेत्र के किसी मकान के कमरे में रखा। तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ सामुहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारा पीटा और जानमाल की धमकी दी गई। शोर मचाने पर मकान मालिक ने हस्तक्षेप किया और सूचना इसकी पुलिस को दे दी। पीड़िता को लखनऊ पुलिस लेकर 18 सितंबर को आई थी। पुलिस के जाने के बाद पीड़िता ने घरवालों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों को थाने पर पहुंचकर तहरीर दी।
अपहरण व दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
उधर, गोरखपुर के शाहपुर पुलिस ने नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान रामगढ़ताल इलाके के छोटका टोला निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर बहला फुसला कर भगाने का केस दर्ज किया था। पीड़िता के मिलने के बाद दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा बढ़ाई गई।