गोरखपुर में किशोरी से दुष्कर्म, कुशीनगर में पांच वर्षीय बच्ची से दरिंगदी Gorakhpur News
गोरखपुर में किशोरी के साथ दुष्कर्म और कुशीनगर में पांच वर्षीय बच्ची से दरिंगदी की घटना सामने आई है।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के गुलरिहा इलाके में रविवार को बकरी चराने गई किशोरी के साथ दुष्कर्म होने की घटना सामने आई है। उसकी मां ने इस मामले में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित भी नाबालिग है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
कक्षा नौ की छात्रा है
नवीं कक्षा में पढऩे वाली किशोरी छोटे भाई के साथ बकरी चराने गई थी। इस समय वह साइकिल चलना सीख रही है। इसलिए सीखने के लिए साथ साइकिल भी ले गई थी। कुछ देर साथ रहने के बाद छोटा भाई खाना खाने घर चला गया। उसी समय गांव का 17 वर्षीय किशोर आया और उसकी साइकिल लेकर सूनसान स्थान की तरफ चला गया। आरोप है कि किशोरी उससे साइकिल वापस लेने गई तो आरोपित ने उसे पकड़ लिया और मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। उधर, किशोरी के घर न लौटने पर उसकी मां खोजते हुए पहुंची तो आरोपित वहां से फरार हो गया। बेटी की आपबीती सुनकर मां ने 112 नंबर पर फोन कर इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित हिरासत में
कुशीनगर के पटहेरवा थाने के एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीडि़ता के पिता की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था। घटना शनिवार की है। बताया जा रहा कि उक्त गांव निवासी बच्ची शाम को दरवाजे पर खेल रही थी। इसी बीच उसे अकेला देख उसका चचेरा भाई बहलाकर बगल स्थित झोपड़ी में ले गया और दुष्कर्म किया। घटना बाद खून से लथपथ बच्ची घर पहुंची तो उसकी दशा देख परिजन दंग रह गए। बच्ची की आपबीती जान पिता ने 112 नंबर पर सूचना दी। गांव पहुंची पुलिस आरोपित को हिरासत में ले ली। चर्चा है कि मामले को मैनेज करने को लेकर गांव में पंचायत चल रही। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि आरोपित हिरासत में है, तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
स्कूल पढऩे गई किशोरी नहीं लौटी घर, दी तहरीर
कुशीनगर के सेवरही थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी लड़की स्कूल से घर नहीं लौटी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। तहरीर के मुताबिक 15 वर्षीय किशोरी बीआरसी कैंपस सुमही संत पट्टी स्थित स्कूल मे पढ़ती है। बीते सात जनवरी को स्कूल पढऩे गई थी। शाम तक घर वापस नहीं आई। थानाध्यक्ष मिथिलेश राय ने कहा की लड़की की तलाश की जा रही है।