गोरखपुर में पीने के पानी को लेकर संघर्ष, आधा दर्जन घायल, दो महिलाओं की हालत गंभीर Gorakhpur News
डाढाड़ीह में बुधवार की रात करीब नौ बजे रामकृष्ण के परिवार की युवती को प्यास लगी तो वह नल पर पानी भरने गई। वहां पर पड़ोसी सत्यप्रकाश पक्ष के लोगों ने पानी भरने से मना कर दिया।
गोरखपुर, जेएनएन। पीपीगंज क्षेत्र के ग्राम डाढाडीह में नल से पानी भरने को लेकर दो पक्षो में हुए संघर्ष में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इसमें एक पक्ष के दो लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्यास लगने पर नल से पानी लेने गई थी युवती
जानकारी के अनुसार ग्राम डाढाड़ीह में बुधवार की रात करीब नौ बजे रामकृष्ण के परिवार की युवती को प्यास लगी तो वह नल पर पानी भरने गई। वहां पर पड़ोसी सत्यप्रकाश पक्ष के लोगों ने पानी भरने से मना कर दिया।
लाठी-डंडे से एक दूसरे पर हमला बोला
युवती ने आकर अपने परिवार के लोगों से बताया कि उन लोगों ने पानी भरने नहीं दिया। इसके बाद युवती के परिवार के सदस्य बाहर निकले। पीने के पानी को लेकर दोनो तरफ से विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ गई और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडा लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। इस मारपीट में सत्यप्रकाश का पक्ष भारी पड़ा। प्रतिफल राम कृष्ण (55) राजलक्ष्मी (19), चंद्ररेखा (29), विनोद (40), कमल किशोर (20), गिरिजा (50) घायल हो गए।
चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा
रामकृष्ण की तहरीर पर पुलिस ने सत्यप्रकाश ,अखिलेश ,राजेश और मोहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। डाक्टर ने गंभीर रूप से घायल राजलक्ष्मी और चंद्ररेखा को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
भूमि विवाद में मारपीट, दो घायल
पीपीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम तुर्कवलिया में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में बुधवार की रात हुई मारपीट में केशव यादव और उनकी पुत्री रेनू घायल हो गईं। परिजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया और दो हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।