प्रदेश चुनाव प्रभारी विवेक ठाकुर बोले, भाजपा सरकार में बंद हुआ गुंडों को सत्ता संरक्षण
भाजपा सरकार ने अपने लोक-कल्याणकारी कार्यों से राजनेताओं के प्रति विश्वास के संकट को दूर करके जनता में अपनी अलग पहचान बनायी है। प्रदेश में गुंडागर्दी करने वालों को सत्ता का संरक्षण मिलना बन्द हो गया और जनता भयमुक्त होकर प्रदेश के विकास में सहयोग कर रही है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा सरकार ने अपने लोक-कल्याणकारी कार्यों से राजनेताओं के प्रति विश्वास के संकट को दूर करके जनता में अपनी अलग पहचान बनायी है। प्रदेश में गुंडागर्दी करने वालों को सत्ता का संरक्षण मिलना बन्द हो गया और जनता भयमुक्त होकर प्रदेश के विकास में सहयोग कर रही है। यह बातें प्रदेश के सह चुनाव प्रभारी और गोरखपुर क्षेत्र के चुनाव प्रभारी विवेक ठाकुर ने रविवार को पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के चरगांवां, परमेश्वरपुर, भटहट, पिपराइच मंडलों के शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहीं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गरीबों, किसानों के लिए किया सराहनीय काम
उन्होंने कहा कि परिवारवाद, भ्रष्टाचार, घोटाले से बाहर निकालकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के गरीबों, किसानों, महिलाओं ओर नौजवानों के हित में सराहनीय कार्य किया है। यही वजह है कि विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह जाति व धर्म के आधार पर जनता को भड़काने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने पदाधिकारियों का आह्वान किया कि वह केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों के बारे में लोगों को बताएं और प्रदेश में फिर से भाजपा सरकार बनाने के लिए आग्रह करें।
मतदाता सूची दुरुस्त करने में कार्यकर्ताओं के सक्रिय भूमिका निभाने का किया आह्वान
प्रदेश चुनाव प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को बूथों पर मतदाता सूची को दुरुस्त कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का सुझाव भी दिया। बैठकों की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह और संचालन जिला महामंत्री सबल सिंह ने किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान से भाजपा की जीत की नींव तैयार होगी। इसलिए कार्यकर्ताओं को इसे सफल बनाने के लिए पूरी क्षमता के साथ लगना होगा। इसे लेकर लापरवाही चुनाव के दौरान मतदान पर प्रभाव डाल सकती है। इस दौरान राज्य सहकारी ग्राम विकास बैंक के चेयरमैन संतराज यादव, क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी, अरुण शुक्ल, विनय कुमार सिंह, लालजी गुप्ता, रामानंद यादव, नरेंद्र सिंह, दयाशंकर मिश्रा, राजेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।