शादी का झांसा देकर भाभी से करता रहा दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज Gorakhpur News
गोरखपुर में एक युवक शादी का झांसा देकर बीते चार वर्षों से अपनी भाभी के साथ दुष्कर्म करता रहा। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित सहित उसके पिता मां व बहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। झंगहा का एक युवक शादी का झांसा देकर बीते चार वर्षों से अपनी भाभी के साथ दुष्कर्म करता रहा। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित सहित उसके पिता, मां व बहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित व पीडि़ता के देवर विनीत उर्फ मंदर को रविवार सुबह 11 बजे गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे जेल भेजने की तैयारी में है।
यह है मामला
पीडि़ता ने थाने में तहरीर देकर कहा कि चार वर्ष पूर्व उसके पति की मौत हो गई। आरोपित उसके बाद से उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। बीते 20 जून को देवरिया जिले के एक गांव में आरोपित की शादी तय हो गई। युवती का कहना है कि वह अपने मायके इसकी शिकायत करने अपनी ससुराल गई तो वहां उसके देवर, सास, ससुर व उसकी ननद ने उसे गाली देकर भगा दिया।
दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
घर में घुसकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में हरपुर बुदहट पुलिस ने देवरिया निवासी आलोक राय को गिरफ्तार किया है। थाना क्षेत्र की एक युवती ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आलोक ने बीते तीन जून को घर में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया था।
छेडख़ानी का आरोप
गोला की एक युवती ने गांव के एक युवक पर घर में घुसकर छेडख़ानी का आरोप लगाया है। युवती ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि वह घर में सो रही थी। इस दौरान गांव का एक युवक घर में घुसकर उसके साथ छेडख़ानी करने लगा। शोर मचाने पर वह भाग निकला। क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पांडेय ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। जानकारी कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दुष्कर्म आरोपित गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में गोला पुलिस ने कोहड़ी निवासी मेराज खां को पड़ौली बाजार के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
युवती का मोबाइल लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार
गोरखपुर कोतवाली पुलिस ने युवती का मोबाइल लूटने वाले बदमाश को रविवार की सुबह गिरफ्तार किया। गुलरिहा क्षेत्र के रहने वाले आरोपित के कब्जे से लूटा गया मोबाइल मिला।दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
सीओ कोतवाली वीके सिंह ने बताया कि गोरखनाथ क्षेत्र के आठ जुलाई की रात में नौ बजे बाइक सवार बदमाश ने हुमायूंपुर की रहने वाली सुकन्या कुमारी का मोबाइल छीन लिया था।चरन लाल चौक की तरफ से वह पैदल घर जा रही थी।घटना के बाद सुकन्या ने शोर मचाते हुए बाइक सवार बदमाश का पीछा किया लेकिन वह भाग गया।
तहरीर के आधार पर लूट का केस दर्ज कर कोतवाली पुलिस छानबीन कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर बेनीगंज चौकी प्रभारी ने गुलरिहा क्षेत्र में तंरग ओवर ब्रिज के पास गुलरिहा के मोगलहा निवासी विजय निषाद को गिरफ्तार किया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल बाइक और लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ रामगढ़ताल और कैंपियरगंज थाने में भी लूट का केस दर्ज है।