ब्लैक फंगस से पीड़ित महिला का दूसरी बार हुआ आपरेशन, फंगस को काटकर निकाला गया Gorakhpur News
बीआरडी मेडिकल कालेज में भर्ती ब्लैक फंगस से पीड़ित महराजगंज के सिसवा निवासी 55 वर्षीय महिला का दोबारा आपरेशन किया गया। 26 मई को उनका एक आंशिक आपरेशन मेडिकल कालेज के डाक्टरों ने किया था। उसके पहले वह महराजगंज में एक बार आपरेशन करा चुकी थीं।
गोरखपुर, जेएनएन। बाबा राघव दास मेडिकल कालेज में भर्ती ब्लैक फंगस से पीड़ित महराजगंज के सिसवा निवासी 55 वर्षीय महिला का बुधवार को दोबारा आपरेशन किया गया। 26 मई को उनका एक आंशिक आपरेशन मेडिकल कालेज के डाक्टरों ने किया था। उसके पहले वह महराजगंज में एक बार आपरेशन करा चुकी थीं। तबीयत में अपेक्षित सुधार न होते देख डाक्टरों ने पुन: आपरेशन का निर्णय लिया।
इसलिए हुआ दुसरा ऑपरेशन
महराजगंज में आपरेशन कराने के बाद 24 मई को मेडिकल कालेज पहुंची इस महिला का पुन: आंशिक आपरेशन कर डाक्टरों ने नाक से आंख तक धमनियों में फैले फंगस को काटकर निकाला था। उसके बाद भी उनकी दायीं आंख नहीं खुल रही थी। सूजन बहुत धीरे-धीरे कम हो रहा था। हालांकि एंटीफंगल दवाएं चलाई जा रही हैं। जबकि उन्हीं के साथ एक होम्योपैथिक चिकित्सक का आपरेशन किया गया था, वह स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। आपरेशन के बाद महिला की तबीयत ठीक है। डाक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं। पोस्ट कोविड वार्ड के नोडल अधिकारी डा. रामकुमार जायसवाल ने बताया कि नए किसी मरीज में ब्लैक फंगस की पुष्टि नहीं हुई। 15 पुराने मरीज भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा है।
आपरेशन में शामिल रहे ये डाक्टर
आपरेशन में नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डा. रामकुमार जायसवाल, डा. आशुतोष, नाक, कान, गला रोग विभागाध्यक्ष डा. आरएन यादव, एसोसिएट प्रोफेसर डा. पीएन सिंह और डा. वेद प्रकाश उपाध्याय शामिल रहे। आपरेशन करीब डेढ़ घंटे चला।
वैक्सीन न होने से दो घंटे देर से शुरू हुआ टीकाकरण
एक तरफ टीकाकरण जोर पकड़ रहा है। कोरोना संक्रमण के दोबारा फैलने के बाद लोग जागरूक हुए हैं। बूथों पर समय से लंबी लाइन लग रही है। लेकिन अव्यवस्था के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बाबा राघव दास मेडिकल कालेज में समय से वैक्सीन न पहुंचने से दो घंटे लोगों को लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा। जिला महिला अस्पताल में दूसरी मंजिल पर बूथ बना देने से अधिक उम्र के लोगों को परेशानी हुई। भीड़ अधिक होने से लोगों को सीढ़ियों के रूप में बने रैंप पर काफी देर तक खड़े होना पड़ा। हालांकि इन अव्यवस्थाओं के बीच 10674 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 8610 को पहली व 2064 को दूसरी डोज दी गई।
दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था मामला
पिछले दिनों जिला महिला अस्पताल में दूसरी मंजिल पर बूथ बनाए जाने से बुजुर्गों को हो रही परेशानी को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था। लेकिन उसके बाद भी कोई हल नही निकला। जबकि वहां नीचे बूथ बनाने जगह है और पहले वहां बूथ बना भी था। मेडिकल कालेज के बूथ पर सुबह नौ बजे से ही लोग लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। वैक्सीनेटर व उनकी टीम 10 बजे पहुंची। उसके बाद भी उनके पास वैक्सीन नहीं थी। काफी देर तक जब टीकाकरण शुरू नहीं हुआ तो शोरगुल शुरू हो गया।
वैक्सीनेटर ने बताया कि एक व्यक्ति सीएमओ कार्यालय से वैक्सीन लाने गए हैं। वहां 12 बजे टीकाकरण शुरू हो पाया। युवाओं के बूथों पर भी बड़ी भीड़ उमड़ी, उत्सव व उल्लास का माहौल था। एम्स व बसंतपुर पीएचसी पर 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के माता-पिता को टीका लगाया गया। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में 150 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन 330 लोगों को टीका लगाया गया। शाम तक लाइन लगी रही।
मेडिकल कालेज में हमेशा पांच दिन की वैक्सीन स्टोर रहती है। संभव हो उन्होंने समय से मंगाया न हो। आगे से व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी। ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े। जिला महिला अस्पताल में भी दो-चार दिन में बूथ नीचे करा दिया जाएगा। -डा. सुधाकर पांडेय, सीएमओ