देवरिया में खतरे के निशान से दस सेंटीमीटर ऊपर बह रही सरयू नदी
सरयू नदी देवरिया के जिले के बरहज में खतरे के निशान से अभी दस सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। लगातार चार दिन तक जलस्तर बढ़ने के बाद कम हुई है। अभी लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता : सरयू नदी देवरिया के जिले के बरहज में खतरे के निशान से अभी दस सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। लगातार चार दिन तक जलस्तर बढ़ने के बाद कम हुई है। अभी लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं।
भदिला प्रथम गांव के लोगों की बढ़ी दुश्वारियां
सरयू एवं राप्ती नदी का जलस्तर कम हो रहा है, लेकिन बरहज क्षेत्र के भदिला प्रथम गांव के लोगों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। यह गांव बाढ़ के पानी से चारों तरफ से घिरा है। नागरिकों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाम छह बजे के बाद गांव के लोगों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। यदि कोई बीमार हो तो उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाना आसान नहीं है। भदिला प्रथम गांव की दो हजार आबादी है। दो सौ पचास घर हैं। यहां के लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या आवागमन की है। एसडीएम संजीव कुमार यादव ने कहा कि भदिला प्रथम गांव बाढ़ के पानी से घिरा है। वहां के लोगों के आवागमन के लिए दो नाव पूर्व से लगाई गई है। आवश्यकता अनुसार जो भी जरूरत होगी। उसे उपलब्ध कराया जाएगा।
घट रहा सरयू का जलस्तर
बरहज में सरयू नदी खतरे के निशान 66.50 मीटर से ऊपर 66.60 मीटर पर बह रही है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। एक दिन पूर्व नदी का जलस्तर 66.65 मीटर था। ऐसे में पांच सेंटीमीटर की कमी आई है। कपरवार में राप्ती नदी का जलस्तर घट रहा है।
बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति रही बाधित
बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति घंटों प्रभावित रही। कर्मचारियों के प्रयास से बिजली आपूर्ति बहाल की गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ता परेशान रहे। सुबह अचानक मौसम बदल गया और आसमान में बादल छा गए। इसके साथ ही तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते शहर में आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही। दोपहर तक बारिश हुई। इसके बाद फाल्ट की समस्या को दूर करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी निकले और काफी प्रयास के बाद ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बहाल हुई।