National Eligibility and Entrance Test: 45 केंद्रों पर 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी आज देंगे परीक्षा, यातायात व्यवस्था बदली
National Eligibility and Entrance Test रविवार को होने वाली नीट परीक्षा को लेक गोरखपुर शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सुबह आठ बजे से परीक्षा समाप्त होने तक गोरखपुर शहर में भारी वाहन नहीं आएंगे। परीक्षा केंद्र के आसपास स्थित कई रास्तों पर आवागमन बंद रहेगा।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। नीट (राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा) को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था रविवार को बदली रहेगी। दोपहर दो बजे से 45 केंद्रों पर होने वाली परीक्षा में 20740 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसको देखते हुए सुबह आठ बजे से परीक्षा समाप्त होने तक गोरखपुर शहर में भारी वाहन नहीं आएंगे। परीक्षा केंद्र के आसपास स्थित कई रास्तों पर आवागमन बंद रहेगा।एसपी ट्रैफिक आरएस गौतम ने बताया कि डायवर्जन का पालन सख्ती से कराया जाएगा।
इन रास्तों से होगा आवागमन
फरेन्दा की तरफ से आने वाले भारी वाहन जंगल कौड़िया से फोरलेन होते हुए गन्तव्य की ओर जाएंगे। भारी वाहन शहर की तरफ नहीं आएंगे।
वाराणसी की तरफ से आने वाले भारी वाहन बाघगाड़ा फोरलेन के रास्ते गन्तव्य की ओर जाएंगे। शहर की तरफ भारी वाहन को नहीं आने दिया जाएगा।
लखनऊ की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कालेसर के पास रोका जाएगा।
कप्तानगंज की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को रात आठ बजे तक पिपराइच कस्बे से बाहर रोका जाएगा।
देवरिया की तरफ से आने वाले भारी वाहन फोरलेन से अपने गन्तव्य की ओर जायेगे।शहर में आने वाले वाहनों को रामनगर कड़जहां में रोका जाएगा।
रेलवे बस अड्डा से देवरिया जाने वाली सभी बसें विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट होकर जाएंगे।
देवरिया की तरफ से आने वाली बसें खोराबार बाईपास से तारामंडल, पैडलेगंज, छात्रसंघ चौराहा के रास्ते आएंगी।
कुशीनगर की तरफ से आने वाले भारी वाहन कोनी तिराहा से रामनगर करजहां होते हुए गंतव्य की ओर जाएंगे।
बस अड्डा से फरेंदा, महराजगंज, सिद्धार्थनगर की तरफ जाने वाली बसें विश्वविद्यालय चौराहा, मोहद्दीपुर, चार फाटक ओवरब्रिज होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
महराजगंज, सिद्धार्थनगर,फरेंदा की तरफ से आने वाली समस्त प्रकार की बसें खजांची चौराहा, पादरी बाजार, कौवाबाग,मोहद्दीपुर होकर गंतव्य तक पहुचेंगी।
इन रास्तों पर नहीं चलेंगे चार पहिया वाहन
अग्रसेन तिराहा से बक्शीपुर की तरफ चार पहिया वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
गोलघर से विजय चौराहा और विजय चौराहा से अग्रसेन चौराहा की तरफ।
सुमेर सागर से विजय चौराहा की तरफ चार पहिया वाहनों को रोका जाएगा।
शास्त्री चौराहा से घोष कम्पनी की तरफ चार पहिया वाहन नहीं जाएंगे।
कचहरी चौराहा से तमकुही रोड की तरफ चार पहिया वाहनों को रोका जाएगा।