गोरखपुर में नौ परिवारों को बंधक बनाकर दो किशोरियों से दुष्कर्म, एक लाख से अधिक की डकैती
भट्ठे पर असलहे से लैस बदमाशों ने वहां काम करने वाले मजदूरों व उनके परिवारों को बंधक बना लिया। उन्हें मारा पीटा। महिलाओं से अभद्रता की। जमकर लूटपाट की। दो किशोरियों के साथ दुष्कर्म करने के बाद वहां से फरार हो गए।
गोरखपुर, जेएनएन। गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम सकरी स्थित ईंट भट्ठे पर मंगलवार रात करीब एक दर्जन की संख्या में बदमाशों के गिरोह ने मजदूरों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। दो किशोरियों के साथ उन्होंने दुष्कर्म भी किया। घटनास्थल से डकैत नौ मोबाइल, जेवर व नकदी समेत एक लाख से अधिक का सामान लेकर चंपत हो गए। घटना के बाद एसएसपी व अन्य अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस आरोपितों के विरुद्ध डकैती, दुष्कर्म का मुकदमा पंजीकृत किया है। ईंट भट्ठा मालिक का नाम रामकृपाल मिश्र है।
ईंट-भट्ठे पर रहते हैं झारखंड के नौ परिवार
ईंट भट्ठे पर झारखंड के नौ मजदूर अपने परिवार समेत काम करते हैं। रात करीब 12 से एक बजे के बीच भट्ठे पर असलहे से लैस बदमाशों ने वहां काम करने वाले मजदूरों व उनके परिवारों को बंधक बना लिया। उन्हें मारा पीटा। महिलाओं से अभद्रता की। जमकर लूटपाट की। दो किशोरियों के साथ दुष्कर्म करने के बाद वहां से फरार हो गए। बदमाशों ने लालू के पास से 20 हजार रुपये नकद 2 मोबाइल, पूनम से 20 हजार रुपये नकद,एक मोबाइल, दुर्गा से 4 हजार रुपये नकद, अंजली से 13 हजार रुपये नकद, अन्नू देवी से पांच हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल, टिहुल से 27 हजार नकद एक मोबाइल, रेशु से एक मोबाइल एक टेपरिकार्ड लूटा है। घटना की सूचना पाकर दोपहर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी विपुल कुमार श्रीवास्तव आदि मौके पर पहुंच गए।
नट गैंग पर शक
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी विपुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि भट्ठे पर करीब 31 लोग रहते हैं। रात में करीब 10-12 की संख्या में आए बदमाशों ने इनके साथ लूटपाट व अभद्रता की है। आरोपितों ने महिलाओं के पास मौजूद पायल, बिछिया आदि छोटे-मोटे जेवरात, नकदी आदि लूटा गया है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि आरोपित नट गैंग से हैं। उनके विरुद्ध 395, 376 व पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। घटना के अनावरण व आरोपितों को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है। वह जल्द पकड़े जाएंगे।