Lockdown 4: चार्टर्ड प्लेन की तरह बुक होंगी रोडवेज की बसें Gorakhpur News
परिवहन निगम मुख्यालय ने प्रतिदिन 500 किमी के हिसाब से चार्टर्ड दरें निर्धारित कर दिया है। एक दिन में 500 किमी से अधिक बस चलने पर अतिरिक्त किराया किराया देना होगा।
गोरखपुर, जेएनएन। चार्टर्ड प्लेन की तर्ज पर अब रोडवेज की बसें भी बुक होंगी। लॉकडाउन के दौरान आपात स्थिति में रोडवेज की बसें बुक की जा सकती हैं। परिवहन निगम की बसों को कोई भी बुक करा सकता है। विषम परिस्थिति में कंपनियां भी अपने कर्मचारियों और अधिकारियों को ले आने और ले जाने के लिए बसें बुक कर सकती हैं।
परिवहन निगम मुख्यालय ने प्रतिदिन 500 किमी के हिसाब से चार्टर्ड दरें निर्धारित कर दिया है। एक दिन में 500 किमी से अधिक बस चलने पर अतिरिक्त किराया किराया देना होगा। साधारण और वातानुकूलित दोनों तरह की बसें बुक की जा सकेंगी।
500 किमी प्रतिदिन के हिसाब से मिलेंगी साधारण और एसी बसें
500 किमी प्रतिदिन के हिसाब से जीएसटी सहित साधारण बस के लिए 45373 रुपये, वातानुकूलित टू बाई टू बस के लिए 67628 रुपये तथा वातानुकूलित थ्री बाई टू बस के लिए 57912 रुपये चार्टर्ड किराया निर्धारित है।
अनुपालन के लिए अधिकारियों को किया गया निर्देशित
इस संबंध में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह का कहना है कि कोविड-19 को दृष्टि में रखते हुए बसों के आपातकालीन संचालन के लिए मुख्यालय लखनऊ से दिशा- निर्देश प्राप्त हुआ है। अनुपालन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
पहली जून से चलेंगी ट्रेनें
उधर पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय गोरखपुर से भी एक जून से अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। गोरखपुर से दिल्ली के लिए एक, मुम्बई के लिए तीन और अहमदाबाद के लिए एक ट्रेन चलने की संभावना है। गुरुवार से ट्रेनों की सूची और समय सारिणी जारी होने के साथ टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है।
नियमित चलने वाली ट्रेनें 30 जून तक हो चुकी हैं निरस्त
विभागीय जानकारों के अनुसार गोरखपुर के रास्ते भी कुछ ट्रेनें दिल्ली व मुंबई के लिए चलाई जाएंगी। अतिरिक्त ट्रेनें समय सारिणी से चलेंगी। इनमें सिर्फ द्वितीय श्रेणी के कोच ही लगाए जाएंगे। जान लें कि नियमित चलने वाली ट्रेनें 30 जून तक निरस्त कर दी गई हैं।