Dhanteras festival: गोरखपुर शहर में रूट डायवर्जन के बाद भी जाम Gorakhpur News
पर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो इसे लेकर बुधवार सुबह 10 बजे से ही पुलिस सक्रिय दिखी। गुरुवार को घंटाघर रेती आर्यनगर माया बाजार असुरन से निकलने वाले सभी रास्तों पर पुलिस पिकेट लगाई गई।
गोरखपुर, जेएनएन। धनतेरस व दीपावली को लेकर पुलिस ने बुधवार से ही रूट डायवर्ट कर दिया है। जगह-जगह पर पुलिस कर्मी चौपहिया वाहन को बाजार में जाने से रोकते रहे। इसके बावजूद शहर के हर चौराहे पर लोग जाम से जुझते दिखे। यह स्थिति शहर में प्रवेश करते ही नजर आई। इससे बचने के लिए कुछ लोगों ने गलियों का सहारा लिया। लेकिन भी लोगों को राहत नहीं मिली।
बुधवार से ही लागू है डायवर्जन
पर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसे लेकर बुधवार सुबह 10 बजे से ही पुलिस सक्रिय दिखी। गुरुवार को घंटाघर, रेती, आर्यनगर, माया बाजार, असुरन से निकलने वाले सभी रास्तों पर पुलिस पिकेट लगाई गई। पिकेट के बीच हाक दस्ते के साथ ही थाना प्रभारी गश्त करते दिखे। बावजूद इसके कोई गली से होकर तो कोई कुछ बहाना करके शहर में बढ़ता रहा। इसका नतीजा रहा कि धर्मशाला ओवरब्रिज के पास, गोलघर, घंटाघर, गोरखनाथ, बैंकरोड, बक्शीपुर, रेती, मायाबाजार आदि स्थानों पर दिन में कई बार जाम की नौबत रही। धनतेरस के दिन गुरुवार को सुबह से लेकर देर रात तक सभी को मुस्तैदी से रहने के निर्देश दिए गए हैं। शहर में एसपी सिटी और देहात में एसपी नार्थ व एसपी साउथ को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली है।
इन रास्तों पर है डायवर्जन
मदीना मस्जिद तिराहा से शाहमारूफ मार्ग पर सभी तीन पहिया, चार पहिया वाहन प्रतिबंधित हैं।
अलहदादपुर तिराहा से रायगंज होते हुए घंटाघर मार्ग पर कार व तीन पहिया वाहनों को रोका गया है।
नार्मल टैक्सी स्टैंड से पांडेयहाता हुए घंटाघर जाने वाले मार्ग पर तीन पहिया व चार पहिया प्रतिबंधित किए गए हैं।
कचहरी, शास्त्री चौक से घोषकंपनी चौराहा, रेती, नखास मार्ग पर सिर्फ पैदल और दोपहिया वाहन को चलने की अनुमति दी गई है।
गणेश चौराहा से विजय चौक, विजय चौक से एडी चौराहा, अलीनगर तक कार, रिक्शे को रोका जा रहा है।
बर्फखाना तिराहा से बसंतपुर, घंटाघर, लालडिग्गी तक के रास्ते पर तीन पहिया व चार पहिया को रोका जा रहा है।
सुमेरसागर तिराहा से विजय चौराहा और जटाशंकर से अलीनगर चौराहे तक वाहनों का प्रवेश पर प्रतिबंधित किया गया है।
गोरखनाथ ओवरब्रिज रेलवे क्रासिंग से उत्तर गोरखनाथ की तरफ किसी वाहन को चलने की अनुमति नहीं दी गई है।
दुर्गाबाड़ी चौराहा से चरनलाल चौक की तरफ सभी प्रकार के तीन, चार पहिया वाहनों के चलने पर रोक है।
ऐसे हो रही यात्रा
कौड़ियहवा मोड़ तिराहा से गोरखनाथ मंदिर, झूलेलाल मंदिर की तरफ लोग दो पहिया या पैदल आवागमन कर रहे हैं।
रोडवेज और प्राइवेट वाहन सीएस चौराहा, मोहद्दीपुर, चार फाटक ओवरब्रिज, होते हुए बरगदवा चौकी की तरफ निकल रहे हैं।
फरेंदा, पीपीगंज से आने वाले वाहनों को बरगदवा तिराहे से खजांची, चार फाटक के रास्ते भेजा जा रहा है।