कुशीनगर में पकड़ा गया नकली सैनिटाइजर की आपूर्ति का एक और मामला
कुशीनगर में आपदा के असुर ने देवरिया की फर्म ने नगरपालिका पडरौना को की है आपूर्ति 24 मई को भी पकड़ा गया था मामला फार्मासिस्ट हुआ था गिरफ्तार आपूर्तिकर्ता फर्म का मालिक देवरिया जनपद का निवासी है पुलिस मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
कुशीनगर: जिले के सरकारी अस्पताल में नकली सैनिटाइजर आपूर्ति किए जाने का एक और मामला पकड़ा गया है। 24 मई को कोविड अस्पताल को नकली सैनिटाइजर आपूर्ति करने वाले जिला अस्पताल के इंचार्ज फार्मासिस्ट को गिरफ्तार किया गया था और अब देवरिया की एक फर्म के खिलाफ कार्रवाई हुई है। फर्म को काली सूची में डालने और सील करने के साथ मालिक के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज कराया गया है।
देवरिया के भाटपाररानी तहसील के जानकी नगर धर्मशाला में गुप्ता इंटरप्राइजेज (कांट्रेक्टर एवं सप्लायर्स) नाम से फर्म है। फर्म के मालिक विजय कुमार हैं। फर्म ने नगरपालिका पडरौना को पांच-पांच लीटर के पैक में 25 लीटर सैनिटाइजर की आपूर्ति की थी। नगर पालिका द्वारा यह सैनिटाइजर 22 मई को उच्चीकृत स्वास्थ्य केंद्र कसया के लिए भेजा गया था। 25 मई को जब इसका उपयोग शुरू किया गया तो नकली प्रतीत हुआ। केंद्र अधीक्षक नीलकमल ने बताया कि उनकी सूचना पर जिलाधिकारी एस. राजलिगम 27 मई को कसया पहुंचे और जांच के लिए भेजवाया। जांच रिपोर्ट में सैनिटाइजर के नकली होने की पुष्टि हुई। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी प्रेमशंकर गुप्त ने शनिवार को फर्म मालिक विजय कुमार के मुकदमा दर्ज कराया। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए टीम बनाई गई है।
जेल भेजा जा चुका है फार्मासिस्ट
24 मई को भी एक मामला पकड़ा गया था। जिला अस्पताल के इंचार्ज फार्मासिस्ट अशोक यादव ने पडरौना जिला कोविड अस्पताल में नकली सैनिटाइजर की आपूर्ति की थी। फार्मासिस्ट की गिरफ्तारी हुई और वह जेल में है। जिलाधिकारी ने बताया कि फर्म ने 1000 हेडमास्क, 200 फेसमास्क, 800 काटन मास्क और 1000 हैंड ग्लब्स की भी आपूर्ति की है। फर्म को सील करने का आदेश दिया गया है।