गोरखपुर में घर-घर पैठ बनाने को तय हुई भाजपा पदाधिकारियों की जिम्मेदारी Gorakhpur News
पार्टी द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेने संबंधी कार्य को पूरा करने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीएन पाठक और महामंत्री सुनील गुप्ता को सौंपी गई। पोस्ट कोविड सेंटर और हेल्पलाइन पर कार्य के लिए महामंत्री सहजानंद राय और मंत्री अखिलेश तिवारी को नामित किया गया।
गोरखपुर, जेएनएन। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बसंल द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश के कार्यान्वयन को लेकर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने कार्य शुरू कर दिया है। बेनीगंज कार्यालय में इसे लेकर एक बैठक में हुई, जिसमें दिशा-निर्देशों के कार्यान्वयन को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की।
स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेने का कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी इन्हें मिली
पार्टी द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेने संबंधी कार्य को पूरा करने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीएन पाठक और महामंत्री सुनील गुप्ता को सौंपी गई। पोस्ट कोविड सेंटर और हेल्पलाइन पर कार्य के लिए महामंत्री सहजानंद राय और मंत्री अखिलेश तिवारी को नामित किया गया। वैक्सिनेशन अभियान की जिम्मेदारी विश्वजीतांशु सिंह आशु व महामंत्री प्रदीप शुक्ला, प्रदेश सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल व मंत्री बजरंगी सिंह बज्जू और इंटरनेट मीडिया टीम के गठन की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. सत्येंद्र सिन्हा व मीडिया प्रभारी डा. बच्चा पांडेय नवीन संभालेंगे।
विधानसभा क्षेत्र प्रभारी और संयोजक बनाने की जिम्मेदारी छट्ठे लाल को
विधानसभा क्षेत्र प्रभारी और संयोजक बनाने के लिए क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छट्ठे लाल निगम व साकेत सिंह सोनू नामित किए गए हैं। जिला व विधानसभा संचालन समिति क्षेत्रीय मंत्री जनार्दन तिवारी व मोहन चौहान बनाएंगे। जिलों में मोर्चा, प्रकोष्ठ और विभाग के लिए नामों को भेजने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय मंत्री हरिनाथ कुशवाहा को सौंपी गई है।
अन्य कार्यक्रमों की भी दी गई जिम्मेदारी
टीम के गठन के बाद पदाधिकारियों में जोश भरते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के सेवा ही संगठन के मंत्र को कार्यकर्ता व्यवहार में लाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन देश और समाज की सेवा है। इसलिए टीम को हर वह प्रयास करना चाहिए, जिससे जनता को राहत मिल सके। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने इसके लिए चलाए जाने वाले अभियान और कार्यक्रमों के सफल संचालन की जिम्मेदारी भी पदाधिकारियों को सौंपी।