Gorakhpur Geeta Press: शताब्दी वर्ष में प्रकाशित होगा कल्याण के सभी अंकों का प्रतिनिधि ग्रंथ
कल्याण गीताप्रेस से प्रकाशित होने वाली मासिक धार्मिक पत्रिका है। इसके प्रकाशन की शुरुआत 1926 में हुई थी। पहला अंक मुंबई से प्रकाशित हुआ था जो साधारण था। अब गोरखपुर से हो रहा है। अब प्रति वर्ष इसका विशेषांक प्रकाशित हो रहा है।
गोरखपुर, जेएनएन। गीताप्रेस की स्थापना का शताब्दी वर्ष महोत्सव 23 अप्रैल 2022 से शुरू हो जाएगा। इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शताब्दी वर्ष में गीताप्रेस से प्रकशित होने वाली पत्रिका कल्याण के विशेषांकों का प्रतिनिध ग्रंथ प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अब तक 95 विशेषांक प्रकाशित हो चुके हैं। सभी के प्रतिनिधि लेखों का एक संग्रह प्रकाशित करने की योजना बनाई गई है। हालांकि इस पर अंतिम मुहर ट्रस्ट बोर्ड की बैठक में लगेगी।
शताब्दी वर्ष का उद्घाटन समारोह सात या नौ दिन का होगा। कथा-कीर्तन से उद्घाटन करने पर सहमति बनी है। हालांकि अभी यह तय नहीं हो पाया है कि श्रीराम कथा होगी या श्रीमद्भागवत कथा और कथाव्यास कौन होंगे। यदि श्रीराम कथा होगी तो उद्घाटन समारोह सात दिन और श्रीमद्भागवत कथा होगी तो नौ दिन का आयोजन होगा। शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए कल्याण के सभी विशेषांकों के मुख्य लेखों को संग्रहित करने का काम शुरू हो गया है। यह ऐसा ग्रंथ होगा जिसमें अब तक प्रकाशित कल्याण के सभी विशेषांकों की सुगंध होगी।
क्या है कल्याण
कल्याण गीताप्रेस से प्रकाशित होने वाली मासिक धार्मिक पत्रिका है। इसके प्रकाशन की शुरुआत 1926 में हुई थी। पहला अंक मुंबई से प्रकाशित हुआ था जो साधारण था। इस वर्ष 12 अंक वहीं से प्रकाशित हुए। दूसरे वर्ष 1927 में कल्याण का प्रथम विशेषांक भगवन्नामांक गोरखपुर से प्रकाशित हुआ। तभी लेकर आज तक प्रति वर्ष विशेषांक ही प्रकाशित हो रहे हैं। इस वर्ष गणेश पुराण विशेषांक प्रकाशित हुआ है जो 95वां है।
गीताप्रेस के ट्रस्टी देवी दयाल अग्रवाल का कहना है कि शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने की कोशिश की जा रही है। कल्याण के सभी विशेषांकों के प्रतिनिधि लेखों का एक संग्रह प्रकाशित करने की योजना बनी है लेकिन इस पर अंतिम मुहर ट्रस्ट बोर्ड की लगनी बाकी है। हमारी तैयारी चल रही है। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री को आमंत्रण भेजा जाएगा। भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।