Gorakhpur Weather News: उमस से मिली राहत, आज हो सकती है हल्की बारिश
Gorakhpurweatherforecast बंगाल की खाड़ी के उत्तरी क्षेत्र में भी एक निम्न वायुदाब क्षेत्र बन गया है जो मानसूनी हवाओं को आमंत्रण दे रहा है। ऐसे में शनिवार से लेकर रविवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला भी शुरू हो सकता है।
गोरखपुर, जेएनएन। शुक्रवार की सुबह उमस भरी गर्मी के बीच हुई। बादलों को दरकिनार कर धूप भी प्रभावी होती दिखी। लेकिन मौसम विशेषज्ञ गर्मी भरे इस माहौल को अस्थाई बता रहे हैं। उनका कहना है कि पंजाब से निकलकर दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश होते हुए झारखंड और बंगाल की खाड़ी तक हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी की ओर से चल रही पुरवा हवाएं पूर्वी उत्तर प्रदेश के वातावरण की नमी को निरंतर बढ़ा रही हैं। ऐसे में सुबह भले ही धूप और उमस भरी गर्मी के साथ हुई लेकिन शाम तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश जरूर होगी। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश का भी पूर्वानुमान है।
शनिवार से मानसूनी बारिश शुरू होने के आसार
मौसम विशषेज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी क्षेत्र में भी एक निम्न वायुदाब क्षेत्र बन गया है, जो मानसूनी हवाओं को आमंत्रण दे रहा है। ऐसे में शनिवार से लेकर रविवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। वह बारिश तेज हवा के बीच बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ होगी। बारिश का यह सिलसिला चार से पांच दिन तक चल सकता है। फिलहाल शुक्रवार की सुबह से ही बादलों और धूप की तनातनी का फायदा उठाकर उमस भरी गर्मी लोगों की बेचैन किए हुए है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार नमी पाकर धूप गोरखपुर सहित समूचे उत्तर प्रदेश का हीट इंडेक्स बढ़ा रही है, जिसके चल अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद लोगों को 40 डिग्री सेल्सियस की गर्मी का अहसास हो रहा है।
बारिश होते ही गिरेगा हीट इंडेक्स का आंकड़ा
गोरखपुर में गुरुवार को नमी का आकड़ा 66 से 85 प्रतिशत के बीच रिकार्ड किया गया था। हीट इंडेक्स के चलते ही न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई है। शुक्रवार को सुबह यह 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान के अधिक होने के चलते ही लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि बारिश होते ही हीट इंडेक्स का आंकड़ा गिर जाएगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।