बीमार कर देगा रेलवे का खाना, 500 से अधिक नमूने हुए फेल, रेलवे ने की यह कार्रवाई Gorakhpur News
रेलवे के विभिन्न स्थलों पर 1758 वेंडरों की खाद्य सामग्री की जांच की गई और नमूने लिए गए। इनमें 500 से अधिक नमूने फेल हो गए।
गोरखपुर, जेएनएन। पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्थलों पर 1758 वेंडरों की खाद्य सामग्री की जांच की गई और नमूने लिए गए। इनमें 500 से अधिक नमूने फेल हो गए। इस मामले में 352 वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। 231 को गुणवत्ता बेहतर करने के निर्देश के साथ चेताया भी गया है।
सख्त हुआ रेलवे
बड़ी संख्या में नमूने फेल होने के बाद रेल प्रशासन सख्त हुआ है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार सुबह का बना समोसा और पकौड़ा शाम को बेचने वाले वेंडर पकड़े जाएंगे। जुर्माना तो लगेगा ही लाइसेंस भी निरस्त होगा। इसके लिए स्टेशन ही नहीं ट्रेनों में भी खाद्य सामग्री के नमूने लिए जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे ने इस पर काम भी शुरू कर दिया है।
वेंडरों पर हुई कार्रवाई
पूर्वोत्तर रेलवे में अभियान चलाकर खाद्य सामग्री के नमूने लिए जा रहे हैं। नमूना फेल होने पर तत्काल कार्रवाई भी हो रही है। फिलहाल, जुलाई तक गुणवत्ता को लेकर छह शिकायतें मिलीं। अनियमितता पाए जाने पर रेलवे प्रशासन ने तीन वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की है। तीन अन्य को चेतावनी दी गई है। ओवर चार्जिंग की कुल 35 शिकायतें मिली हैं। 28 मामलों में वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। सात मामले निराधार पाए गए।
यात्री 139 पर करें शिकायत
खानपान के मामले में शिकायत के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराया है। यदि खानपान सामग्री सही नहीं है या वेंडर अतिरिक्त चार्ज ले रहा है तो यात्री रेलवे हेल्प लाइन 139 पर शिकायत कर सकते हैं। कोच कंडक्टर से शिकायत कर सकते हैं। कार्रवाई होगी।
नो बिल, नो पेमेंट
भारतीय रेलवे में नो बिल नो पेमेंट योजना लागू है। स्टेशन हो या ट्रेन, अगर वेंडर खानपान की सामग्री का बिल नहीं देता है तो यात्री उसका पेमेंट नहीं करेंगे।
प्रमुख स्टेशनों पर बनेंगे बेस किचन, कैमरे से होगी निगरानी
ट्रेनों में यात्रियों को गुणवत्तायुक्त व ताजा नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर बेस किचन की तैयारी चल रही है। आइआरसीटीसी गोरखपुर के जन आहार में बेस किचन बनाने की तैयारी में है। किचन में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। यात्री अपने मोबाइल से किचन की गतिविधियों को देख सकेंगे।
बिना पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में भी मिलेगा नाश्ता और भोजन
रेलवे ने आइआरसीटीसी के माध्यम से बिना पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में भी नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। गोरखधाम, इंटरसिटी और कृषक आदि में भी आइआरसीटीसी के वेंडर चलेंगे और रास्ते में नाश्ता व भोजन उपलब्ध कराएंगे। फिलहाल, गोरखपुर से लखनऊ के बीच 138 ट्रेनों में खानपान सामग्री उपलब्ध कराने पर रेलवे की मुहर लग गई है।