North Eastern Railway: सेफ्टी शूज नहीं मिलने पर रेलकर्मियों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी Gorakhpur News
नरमू के महामंत्री केएल गुप्त ने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के प्रति उदासीनता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि छह माह से सेफ्टी शूज नहीं मिला है। हजारों रेलकर्मी बिना शूज के रेल लाइनों पर कार्य करने को मजबूर हैं।
-गोरखपुर, जेएनएन। रेल लाइनों पर कार्य करने वाले पूर्वोत्तर रेलवे के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों (ट्रैकमैनों, गेटमैनों, की मैनों और प्वाइंटमैनों) को सेफ्टी शूज सहित सुरक्षा किट नहीं मिलने पर आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। एनई रेलवे मजदूर यूनियन (नरमू) ने कर्मचारियों की समस्याओं को उठाते हुए रेलवे प्रशासन को पत्र लिखा है। साथ ही बड़े आंदोलन की चेतावनी देते हुए रेलवे प्रशासन से यथाशीघ्र शूज सहित सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग की है।
छह माह से नहीं मिल रहा सेफ्टी शूज
नरमू के महामंत्री केएल गुप्त ने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के प्रति उदासीनता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि छह माह से सेफ्टी शूज नहीं मिला है। हजारों रेलकर्मी बिना शूज के रेल लाइनों पर कार्य करने को मजबूर हैं। रेलकर्मियों को सुरक्षा किट देने के लिए अलग से बजट का प्रावधान है। इसके बाद भी कर्मचारियों को समय से किट नहीं दिया जाता। लेकिन अब रेलवे प्रशासन की उदासीनता नहीं चलेगी। होली तक कर्मचारियों को सुरक्षा किट नहीं मिला तो मामले को आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआइआरएफ) के माध्यम से बोर्ड तक पहुंचाया जाएगा। रेलकर्मी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन को बाध्य होंगे।
पूर्वोत्तर श्रमिक संघ चुनाव
पूर्वोत्तर श्रमिक संघ (पीआरएसएस) के केंद्रीय कार्यालय में द्विवार्षिक अधिवेशन का आयोजन हुआ। इस दौरान संघ की नई केंद्रीय कार्यसमिति का चयन किया गया। जिसमें विश्वेश्वर राय अध्यक्ष और जेपी गुप्ता महामंत्री चुने गए। मीडिया प्रभारी अजय कुमार यादव के अनुसार अन्य पदों पर वीरेंद्र सिंह कार्यकारी अध्यक्ष, पीके सिंह, रीता मिश्रा और शैलेश चंद्र वर्मा उपाध्यक्ष, बजरंगी दूबे, पंकज तिवारी और सुनील विश्वकर्मा मंत्री चुने गए। इसके अलावा संजय त्रिपाठी संगठन मंत्री, रविंद्र कुमार पांडेय कोषाध्यक्ष, कामेश्वर दूबे कार्यालय मंत्री तथा गौरी वल्लभ त्रिपाठी, अलख राय, नंदन सागर, राजेश कुमार, प्रेम पाल शर्मा और खुर्शीद अली सदस्य चुने गए।