सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा प्रधानमंत्री का जन्मदिन Gorakhpur News
17 सितंबर को प्रधानमंत्री के 70वें जन्मदिन को सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इस सप्ताह की शुरुआत 14 सितंबर से होगी।
गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना काल में भाजपा की जिला व महानगर इकाई की ओर से किए गए सेवा कार्य पर आधारित सेवा ही संगठन ई-बुक का विमोचन किया गया। विमोचन कार्य प्रदेश सरकार के मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री और भाजपा के प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी के हाथों किया गया। कार्यकर्ताओं को बताया गया कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण की भयावह स्थिति में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन की परवाह किए बिना लोगों की मदद की। संक्रमण से बचाव के लिए हर संभव जन-जागरण अभियान भी चलाया। लोगों में राहत सामग्री पहुंचाई। इतना ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन सभी जरूरतमंदों की मदद की जो किन्हीं कारणों से मदद लेने के लिए भी संकोच कर रहे थे। पार्टी कार्यकर्ताओं का सेवा भाव का यह कार्य सराहनीय रहा है। ई-बुक में कार्यकर्ताओं का यह प्रयास संकलित है। यह ई-बुक लोगों को सेवा का संदेश देगी।
सप्ताह भर के कार्यक्रम तैयार
भाजपा प्रदेश मंत्री ने इस अवसर पर भाजपा के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के 70वें जन्मदिन को सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। इस सप्ताह की शुरुआत 14 सितंबर से होगी जब युवा मोर्चा की ओर से रक्तदान व प्लाज्मा दान कार्यक्रम आयोजित होगा। 15 सितंबर को चश्मा वितरण, 16 को स्वच्छता अभियान, 17 को दिव्यांगों में कृत्रिम उपकरण वितरण, 18 को गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाना, 19 सितंबर को पौधारोपण और 20 सितंबर को कोरोना पर स्लाइड प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह के अस्वस्थ होने की वजह से कार्यक्रम की अध्यक्षता उपाध्यक्ष शेषमणि त्रिपाठी ने की। संचालन जिला महामंत्री सबल सिंह किया। इस दौरान ब्रह्मानंद शुक्ल, इंद्र कुमार निगम, विधायक संगीता यादव व संत प्रसाद, विजय शंकर यादव, जनार्दन तिवारी, राहुल श्रीवास्तव, मनोज शुक्ल, राजेश त्रिपाठी, केएम मझवार, सत्यम साहनी आदि मौजूद रहे।