गोरखपुर में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर, सज रहा मेला परिसर
महादेव झारखंडी मंदिर व मुक्तेश्वरनाथ मंदिर की रंगाई-पोताई हो चुकी है। परिसर में सफाई का काम जारी है। महादेव झारंखडी मंदिर में मेला के लिए दुकानदारों ने जगह चिह्नित कर ली है। उसे रस्सी से घेरकर आरक्षित कर लिया है।
गोरखपुर, जेएनएन। महाशिवरात्रि पर्व गुरुवार को परंपरागत रूप से आस्था व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। साफ-सफाई के बाद मंदिर रंग-रोगन कर दिए गए हैं। पानी के मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। स्वयं सेवक तैयारियों में जुटे हुए हैं।
महादेव झारखंडी मंदिर व मुक्तेश्वरनाथ मंदिर की रंगाई-पोताई हो चुकी है। परिसर में सफाई का काम जारी है। महादेव झारंखडी मंदिर में मेला के लिए दुकानदारों ने जगह चिह्नित कर ली है। उसे रस्सी से घेरकर आरक्षित कर लिया है। झूले आ गए हैं। मंदिर में जलाभिषेक के लिए महिला-पुरुषों के अलग-अलग प्रवेश व निकास मार्ग बनाए जा रहे हैं। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए 151 स्वयं सेवकों की तैनाती की है। मंदिर समिति के अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं को शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। मुक्तेश्वरनाथ मंदिर में भी श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हैं। 100 से अधिक स्वयं सेवक श्रद्धालुओं का सहयोग करने के लिए तैयार किए गए हैं। मंदिर परिसर की साफ-सफाई अंतिम चरण में है। पुजारी झिनकू उपाध्याय ने बताया कि तैयारी लगभग पूरी हो गई है।
कल निकलेगी शिव बरात
महाशिवरात्रि के अवसर पर गुरुवार को दिन में 12 बजे से श्रीश्री शीतला माता मंदिर ङ्क्षहदी बाजार की ओर से शिव बरात शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह बरात गाजे बाजे के साथ महानगर के विभिन्न मार्गो से होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंचकर समाप्त होगी। इसके बाद शिव विवाह के साथ गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाएगा। यह जानकारी मंदिर समिति के महामंत्री पुरुषोत्तम दास व मीडिया प्रभारी अनुराग मंझवार ने दी।
अघोर पीठ पर होगा पार्थिव पूजन
महाशिवरात्रि के दिन अघोर पीठ ट्रांसपोर्ट नगर में भगवान शिव का पार्थिव बनाकर पूजन किया जाएगा। भोले बाबा को भांग चढ़ाई जाएगी। यह जानकारी पीठ प्रमुख अवधूत छबीलेराम ने दी।